हमसे बड़ा गुंडा इस देश में कौन है?”: बांदा में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर का बड़ा दावा; बोले— “मुख्तार और बृजेश सिंह करते थे …

POLITICS

​बांदा/लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर अपने तीखे और बेबाक बयानों के चलते एक बार फिर सुर्खियों में आ गए हैं। इस बार उन्होंने खुद को देश का “सबसे बड़ा गुंडा” बताते हुए एक नया राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। यही नहीं, राजभर ने खुले मंच से यह भी दावा किया कि देश के कई चर्चित माफिया और बाहुबली नेता उनके यहां दरबार लगाते थे। उनके इस भाषण का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

​”हमसे बढ़कर इस देश में गुंडा कौन है?”

​मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर सोमवार को बांदा जिले में अपनी पार्टी के एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान अपने भाषण में तेवर दिखाते हुए उन्होंने कहा ​”हम सुनते हैं कि इस इलाके में बहुत बड़े-बड़े गुंडे रहते हैं। हमसे बढ़कर इस देश में गुंडा कौन है?… जब ओम प्रकाश राजभर के यहां मुख्तार अंसारी हो, बृजेश सिंह हो, धनंजय सिंह हो या अभय सिंह जैसे लोग दरबार करते हों, तो बताओ हमसे बड़ा गुंडा कौन है? कोई है क्या? अगर आपको कोई आंख दिखाने की कोशिश करेगा, तो उसकी दूसरी आंख निकालने की हैसियत ओम प्रकाश राजभर के पास है। आप घबराइए मत, हम पहली बार बांदा आए हैं…”

;

संवैधानिक पद पर बैठे मंत्री के बयान पर उठ रहे सवाल

​एक जिम्मेदार और उच्च संवैधानिक पद (कैबिनेट मंत्री) पर आसीन राजभर द्वारा इस तरह खुले मंच से खुद को ‘सबसे बड़ा गुंडा’ बताना और बाहुबली नेताओं के अपने दरबार में हाजिरी लगाने का दावा करना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस बयान के बाद राज्य की राजनीति में एक बार फिर पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाजी और घमासान शुरू होना तय है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि सरकार के सहयोगी दलों और विपक्षी दलों की ओर से इस पर क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

Dr. Bhanu Pratap Singh