लखीमपुर खीरी: उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी जिले की गोला तहसील स्थित प्रसिद्ध कबीरधाम में बुधवार को संत कबीर दास के 60वें अवतरण दिवस के उपलक्ष्य में भव्य कबीर महोत्सव का आयोजन किया गया। इस धार्मिक और सांस्कृतिक मंच से उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के एक तीखे राजनीतिक बयान ने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है। महोत्सव के दौरान भाजपा नेताओं ने विपक्ष और जातिवादी राजनीति पर जमकर निशाना साधा।
“मोदी-योगी का साथ छोड़ा तो माथे पर टीका नहीं बचेगा”
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने आक्रामक तेवर दिखाए और दो टूक शब्दों में कहा कि यदि जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का साथ छोड़ा, तो भविष्य में माथे पर टीका तक सुरक्षित नहीं बचेगा। उन्होंने कहा “आज देश के नागरिकों की सुरक्षा और सम्मान केवल योगी सरकार और मोदी सरकार की देन है। दुनिया के किसी भी कोने में यदि कोई भारतीय संकट में फंसता है, तो मोदी सरकार के रहते वह सुरक्षित अपने देश लौटता है।”
स्वतंत्र देव सिंह ने परिवारवाद, जातिवाद और क्षेत्रवाद की राजनीति को छोड़कर सिर्फ ‘राष्ट्रवाद’ के रास्ते पर चलने का आह्वान किया। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि राष्ट्र मजबूत नहीं होगा, तो कश्मीर के श्रीनगर स्थित लाल चौक पर तिरंगा फहराना भी संभव नहीं रह जाता।
”अपराधी पुलिस के डर से कांप रहे हैं”: केशव मौर्य
कार्यक्रम में मौजूद उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पिछली सरकारों की कानून-व्यवस्था पर करारा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि एक समय था जब उत्तर प्रदेश की पुलिस अपराधियों से खौफ खाती थी, लेकिन आज योगीराज में अपराधी पुलिस के डर से कांपते हैं और राज्य में भयमुक्त माहौल कायम हुआ है।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दी संयम की सीख
एक ओर जहां राज्य के मंत्रियों के तीखे तेवर देखने को मिले, वहीं कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने वैचारिक गरिमा और संयम का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विचार और दृष्टिकोण अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन असहमतियों का सम्मान करना भी बेहद आवश्यक है।
ओम बिरला ने नसीहत देते हुए कहा “हमें कभी भी ऐसी भाषा या वाणी का प्रयोग नहीं करना चाहिए, जिससे किसी के मन में घृणा या द्वेष का भाव पैदा हो। मनुष्य अपने पद से नहीं, बल्कि अपने अच्छे कर्मों और व्यवहार से याद किया जाता है।”
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री नितिन अग्रवाल, स्थानीय जनप्रतिनिधि और भारी प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। वीआईपी मूवमेंट को देखते हुए लखीमपुर के लखनऊ मार्ग तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम और भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कबीर महोत्सव के मंच से दिए गए इन राजनीतिक और वैचारिक बयानों ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट पैदा कर दी है।
- गाजियाबाद में सनसनीखेज वारदात: जिम ट्रेनर प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने रची पति की हत्या की साजिश, ताबड़तोड़ किए चाकू से वार; दोनों गिरफ्तार - October 28, 2026
- “मोदी-योगी को छोड़ा तो माथे पर टीका नहीं बचेगा”,कबीर महोत्सव में बोले योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह - October 28, 2026
- यूपी MLC चुनाव में सपा की बढ़त से गदगद अखिलेश यादव बोले- “बनारस में हार से हताश भाजपा ऑल आउट, लखनऊ वाले नहीं उठा रहे दिल्ली का फोन” - October 28, 2026