लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को कहा कि श्री राम नगरी के पुनर्वैभव की सबसे सुंदर झलक दीपोत्सव में दिखती है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017 में 1.71 लाख दीपों के साथ शुरू हुआ यह सफर आज देश-दुनिया के करोड़ों रामभक्तों की आस्था और उमंग की पहचान बन गया है। उनके अनुसार इस बार भी रामभक्त दीप जलाने का विश्व रिकॉर्ड बनाने के लिए तैयार हैं। सीएम ने कहा कि आज जलने वाला हर दीप तुष्टीकरण के अंधेरे पर आस्था की जीत, सांस्कृतिक स्वाभिमान के उदय और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प का प्रतीक है।
एक्स पर साझा किया संदेश
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि सप्तपुरियों में श्रेष्ठ श्री अयोध्या धाम अपने 10वें भव्य-दिव्य दीपोत्सव के स्वागत में उल्लास से भरा है। उनके मुताबिक लाखों दीपों की अलौकिक रोशनी से जगमगाता सरयू तट, रामायण के प्रसंगों को जीवंत करती झांकियां, भव्य शोभायात्राएं और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां इस महोत्सव में त्रेतायुग की यादें फिर ताजा कर देंगी। उन्होंने लिखा कि हर दीप प्रभु श्री राम के प्रति गहरी श्रद्धा का प्रतीक होगा और हर लौ हमारी सनातन संस्कृति के गौरव की घोषणा करेगी।
पूर्व सपा सरकार पर निशाना
पूर्व सपा सरकार पर हमला बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले प्रभु श्री राम की प्रिय नगरी अयोध्या उपेक्षा, अव्यवस्था और बदहाली की मार झेल रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस सरकार ने निर्दोष रामभक्तों पर गोलियां चलवाईं और पवित्र श्री हनुमानगढ़ी की सीढ़ियों पर नमाज पढ़वाने का पाप किया, उसे ‘राम की अयोध्या’ के विकास से भला क्या सरोकार। योगी ने कहा कि प्रभु श्री राम की कृपा से 2017 के बाद अयोध्या में विकास और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का नया सूर्योदय हुआ।
डबल इंजन सरकार का जिक्र
सीएम ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार के प्रयासों से रामनगरी अपना प्राचीन वैभव फिर पा रही है। उन्होंने गिनाया कि भव्य-दिव्य श्री राम मंदिर, महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, सजा-संवरा रामपथ, नए घाट, आधुनिक सुविधाएं और सोलर सिटी के रूप में विकसित होती अयोध्या आज आस्था और आधुनिकता का अद्भुत संगम बन चुकी है।
7 नवंबर को दीपोत्सव: 30 लाख दीये और 2100 ड्रोन्स का शो
गौरतलब है कि अयोध्या में आगामी 7 नवंबर को आयोजित होने वाले 10वें दीपोत्सव की तैयारियां अपने अंतिम चरण में हैं। इस बार रामनगरी के 56 पावन घाटों पर 30 लाख दीये प्रज्वलित कर नया विश्व कीर्तिमान स्थापित करने की तैयारी है।
महोत्सव का मुख्य आकर्षण स्वदेशी तकनीक से निर्मित 2,100 ड्रोन्स का भव्य एरियल शो होगा, जो आकाश में रामायण के पावन प्रसंगों को जीवंत करेगा। इसके अतिरिक्त, सरयू तट पर 2,147 साधु-संत व श्रद्धालु एक साथ ऐतिहासिक सरयू महाआरती करेंगे। श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए घाटों पर लाइटिंग, सार्वजनिक शौचालयों और चेंजिंग रूम्स की बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।
- शायरी और सुरों का अलौकिक संगम: जावेद अख्तर और मोहम्मद वकील लेकर आए नई रूहानी ग़ज़ल ‘बाज़ाहिर क्या है’ - October 27, 2026
- नितेश तिवारी की ‘रामायण’ के लिए यश का बड़ा मास्टरस्ट्रोक: कर्नाटक में फिल्म के डिस्ट्रीब्यूशन की कमान संभालेंगी ‘मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस’ - October 27, 2026
- यशराज फिल्म्स की नई फिल्म ‘बेपरवाह’ का ऐलान: अहान पांडे और शरवरी की फ्रेश जोड़ी बड़े पर्दे पर मचाएगी धमाल - October 27, 2026