प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। लालगंज बाजार निवासी 34 वर्षीय बर्तन व्यापारी उमाशंकर कौशल उर्फ गुड्डू की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बृहस्पतिवार सुबह शीतलमऊ नहर के पास काली माता मंदिर के नजदीक मिले व्यापारी के शव के मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी सुमन देवी समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस वीभत्स घटना के सामने आने के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है और मासूम बेटियों के सिर से माता-पिता का साया उठने से हर आंख नम है।
शराब पिलाकर ईंट-पत्थरों से की गई थी हत्या
पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने खौफनाक खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि योजना के तहत बुधवार शाम उमाशंकर को नहर के पास ले जाकर शराब पिलाई गई। जब वह पूरी तरह नशे की हालत में सुध-बुध खो बैठे, तब उनके सिर और चेहरे पर ईंट-पत्थरों से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी निर्मम हत्या कर दी गई। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के लिए उनके शव को घसीटकर कीचड़ में फेंक दिया गया।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि शव को घसीटते वक्त मृतक का मोबाइल फोन और जरूरी दस्तावेज घटनास्थल पर ही गिर गए थे, जिसे आरोपियों ने अपने कब्जे में ले लिया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल, घटना में प्रयुक्त बाइक और खून के छींटों से सने कपड़े बरामद कर लिए हैं।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए धारूपुर निवासी शहंशाह, विशाल शुक्ला उर्फ बिट्टू और अविनाश तिवारी उर्फ रजत को जगन्नाथपुर नहर पुलिया के पास से दबोच लिया। वहीं, इस पूरी साजिश की मुख्य सूत्रधार मानी जा रही मृतक की पत्नी सुमन देवी को कालाकांकर मार्ग के पास नहर पटरी से गिरफ्तार किया गया।
अवैध संबंधों का विरोध बना मौत की वजह
मृतक के भाई दीपक कौशल ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि आरोपी सुमन की शहंशाह से नजदीकियां थीं, जिसका व्यापारी उमाशंकर कड़ा विरोध करते थे। परिवार का दावा है कि इसी पारिवारिक विवाद और अवैध संबंधों के आड़े आने के चलते पत्नी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस हत्या की खौफनाक साजिश रची थी। पुलिस इस थ्योरी पर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है।
सदमे में मासूम बेटियां, भविष्य को लेकर गहरी चिंता
इस हृदयविदारक घटना ने उमाशंकर के पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है, और उनकी तीन बेटियां गहरे सदमे में हैं। मृतक की 12 वर्षीय बेटी रिया ने रोते हुए बताया कि उनके पिता उनकी हर छोटी-बड़ी जरूरत का ख्याल रखते थे। अब पिता की बेरहमी से मौत और इस जुर्म में मां की गिरफ्तारी के बाद इन मासूम बच्चियों के भविष्य और पालन-पोषण को लेकर पूरे परिवार और रिश्तेदारों में गहरी चिंता का माहौल है।
- एसआईआर पर अमेरिकी सांसद के बयान पर भारत की कड़ी आपत्ति; विदेश मंत्रालय ने कहा— चुनावी प्रक्रियाओं में दखल किसी भी सूरत में मंजूर नहीं - October 17, 2026
- Agra News: किराए की गाड़ी से घूमकर रेकी और पशुओं की आवाज निकाल कर साथियों को देते थे संकेत; बंद मकानों में चोरी करने वाले 6 शातिर गिरफ्तार - October 17, 2026
- Agra News: किराए की गाड़ी से घूमकर रेकी और पशुओं की आवाज निकाल कर साथियों को देते थे संकेत; बंद मकानों में चोरी करने वाले 6 शातिर गिरफ्तार - October 17, 2026