आगरा में वायु प्रदूषण की रोकथाम के लिए ‘मिशन 9000’ की शुरुआत: तुलसी के पौधों से पर्यावरण संरक्षण का अनूठा संकल्प

PRESS RELEASE

आगरा: शहर में लगातार बढ़ रहे वायु प्रदूषण पर प्रभावी रोक लगाने, पर्यावरण को हरा-भरा बनाने और नागरिकों में प्रकृति के प्रति जागरूकता पैदा करने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल शुरू की गई है। सामाजिक संस्था वसुधा क्लाइम केयर फाउंडेशन की ओर से बुधवार को संजय प्लेस स्थित होटल मेट्रो में आयोजित एक गरिमामय समारोह के दौरान संस्था की नई कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही पर्यावरण संरक्षण के अनूठे सेवा-प्रकल्प ‘मिशन 9000’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस दौरान अतिथियों और पदाधिकारियों ने तुलसी के पौधे के साथ आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया।

​क्या है ‘मिशन 9000’ और इसका उद्देश्य?

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही संस्था की अध्यक्ष संगीता दुबे ने इस अवसर पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान समय में बढ़ता कार्बन उत्सर्जन मानव जाति का दम घोंट रहा है। इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए जागरूकता और ठोस रोकथाम दोनों जरूरी हैं। उन्होंने वैज्ञानिक तथ्यों का हवाला देते हुए बताया कि एक कार द्वारा 300 किलोमीटर की यात्रा में जितना कार्बन वातावरण में छोड़ा जाता है, उसकी रोकथाम के लिए कम से कम 9,000 तुलसी के पौधों की आवश्यकता होती है। इतने तुलसी के पौधे लगभग 4.5 टन कार्बन उत्सर्जन को रोकने में सक्षम हैं। इसी सोच के साथ ‘मिशन 9000’ की रूपरेखा तैयार की गई है।

​संस्था के महासचिव दीपक श्रीवास्तव ने बताया कि तुलसी केवल एक औषधीय पौधा नहीं है, बल्कि यह हमारी भारतीय संस्कृति और स्वस्थ सांसों का अनूठा संगम है। यह हमारे आसपास की जहरीली और हानिकारक हवा को प्राकृतिक रूप से शुद्ध करती है। इसी महत्व को ध्यान में रखते हुए संस्था द्वारा वर्ष 2027 के दौरान हर महीने 1,000 पौधों का वितरण करते हुए पूरे वर्ष में कुल 9 से 12 हजार तुलसी के पौधे आगरा के विभिन्न मंदिरों, स्कूलों, कॉलोनियों और सार्वजनिक स्थलों पर निःशुल्क वितरित करने का लक्ष्य रखा गया है।

​सहयोग करने वाले नागरिकों को मिलेगा ‘कार्बन योद्धा’ प्रमाण-पत्र

​इस कम्युनिटी ड्रिवन इनिशिएटिव (सामुदायिक सहभागिता अभियान) के बारे में जानकारी देते हुए संयुक्त सचिव निहारिका शर्मा ने बताया कि आगरा की आबोहवा को शुद्ध करने के इस महाअभियान में जो भी जागरूक नागरिक संस्था का सहयोग करेंगे, उन्हें संस्था की ओर से विशेष ‘कार्बन योद्धा’ (Carbon Warrior) प्रमाण-पत्र से सम्मानित किया जाएगा।

​वहीं, उपाध्यक्ष रेखा सारस्वत ने ‘हर सांस तुलसी के नाम’ का संदेश देते हुए कहा कि तुलसी एक शक्तिशाली एडेप्टोजन (अनुकूलनकारी) है, जो औद्योगिक प्रदूषण और भारी धातुओं के रासायनिक तनाव से मानव अंगों की रक्षा करती है।

​नियोजित कार्यकारिणी का हुआ स्वागत

समारोह के दौरान वसुधा क्लाइम केयर फाउंडेशन की नई कार्यकारिणी के पदाधिकारियों का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर अध्यक्ष संगीता दुबे, महासचिव दीपक श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष रेखा सारस्वत, संयुक्त सचिव निहारिका शर्मा, कोषाध्यक्ष विख्यात अग्रवाल, मीडिया प्रभारी मिथिलेश, स्वयंसेवक प्रमुख आश्रय जैन तथा कार्यकारिणी सदस्य हरीश, डॉ. ए.के. मिश्रा और अनमोल सहित शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh