उत्तर प्रदेश के ताजनगरी आगरा में पितृ अमावस्या के पावन अवसर पर एक बेहद दुखद हादसा सामने आया है। यहां हाथी घाट पर यमुना नदी में तर्पण और धार्मिक अनुष्ठान करने पहुंचे एक ही परिवार के चाचा-भतीजे नहाने के दौरान गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। मौके पर मौजूद भतीजे के दो सगे भाइयों ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए 14-15 वर्षीय राजवीर माहौर को तो किसी तरह खींचकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन उसके 18-19 वर्षीय चाचा विराट माहौर पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गए। इस हादसे के बाद घाट पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने के बाद थाना छत्ता पुलिस गोताखोरों की मदद से लापता युवक की तलाश में जुटी हुई है।
मना करने के बाद भी गहरे पानी में उतरे
मिली जानकारी के अनुसार, थाना रकाबगंज क्षेत्र के रावली इलाके के रहने वाले चाचा-भतीजे पितृ अमावस्या पर अपने पितरों के तर्पण और धार्मिक कार्यों के लिए हाथी घाट पहुंचे थे। पूजा-अर्चना और अनुष्ठान पूरा करने के बाद दोनों स्नान करने के लिए यमुना नदी में उतर गए। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि वहां मौजूद लोगों ने उन्हें आगे जाने से रोका भी था, लेकिन वे गहरे पानी की ओर बढ़ते चले गए और अचानक संतुलन बिगड़ने से डूबने लगे।
भाइयों ने राजवीर को बचाया, विराट बहाव में ओझल
चाचा-भतीजे को पानी में छटपटाता देख किनारे खड़े राजवीर के दो भाइयों ने बिना अपनी जान की परवाह किए नदी में हाथ बढ़ाकर राजवीर को खींच लिया और सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि, जब तक वे विराट को बचाने की कोशिश करते, तब तक वह यमुना के तेज बहाव में बहकर आंखों से ओझल हो चुका था।
रो-रोकर परिजनों का बुरा हाल, गोताखोर तलाश में जुटे
घटना की खबर मिलते ही रावली से परिजन बदहवास स्थिति में हाथी घाट पहुंचे। एक तरफ जहां राजवीर की जान बचने पर परिवार ने राहत की सांस ली, वहीं दूसरी तरफ घर के नौजवान चिराग विराट के लापता होने की खबर से कोहराम मच गया। परिजनों का घाट पर रो-रोकर बुरा हाल है।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची थाना छत्ता पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और पुलिस बल की मदद से नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। फिलहाल, पूरे इलाके में इस हादसे को लेकर शोक की लहर है और सभी की नजरें लापता विराट की तलाश पर टिकी हुई हैं।
- यूपीआई पर प्रस्तावित MDR शुल्क के विरोध में आगरा के व्यापारी, जिलामुख्यालय में डीएम को सौंपा ज्ञापन - October 10, 2026
- जंतर-मंतर प्रदर्शन से पहले दिल्ली पुलिस का बड़ा क्रैकडाउन: CJP प्रमुख अभिजीत दीपके एयरपोर्ट पर हिरासत में, सौरव दास और आशुतोष रंका भी डिटेन - October 10, 2026
- आगरा में सनसनीखेज वारदात: सदर थाना क्षेत्र में शिक्षक नेता के भतीजे की गोली मारकर हत्या, इलाके में तनाव - October 10, 2026