प्रयागराज की बदहाल सड़कों पर गरमाई सियासत: अखिलेश यादव ने वीडियो शेयर कर महाकुंभ के नाम पर 1 लाख करोड़ के घोटाले का लगाया गंभीर आरोप

POLITICS

प्रयागराज: संगम नगरी प्रयागराज के कई प्रमुख इलाकों में इन दिनों सड़कों की हालत बेहद जर्जर और दयनीय बनी हुई है। बारिश के इस मौसम में सड़कों पर जगह-जगह जलभराव और जानलेवा गड्ढे राहगीरों के लिए बड़ी मुसीबत बन गए हैं। इस बीच, समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने एक वीडियो शेयर करते हुए भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) की सरकार पर महाकुंभ के नाम पर एक लाख करोड़ रुपये के बड़े घोटाले का गंभीर आरोप लगाया है।

​दरअसल, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर देर रात एक वीडियो साझा किया है, जो प्रयागराज के चुंगी चौराहे और अलोपी बाग फ्लाईओवर के पास स्थित काली मार्ग का बताया जा रहा है। इस वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि सड़कें किस तरह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी हैं और वहां भारी जलभराव है।

वीडियो में यह दावा भी किया गया है कि महाकुंभ के दौरान इस विशेष सड़क के निर्माण और सौंदर्यीकरण पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए थे, लेकिन महज एक साल के भीतर ही सड़कों की यह दशा सरकारी दावों की पोल खोल रही है। इसी को आधार बनाकर अखिलेश यादव ने सरकार पर जमकर हमला बोला है।

​अखिलेश यादव का तीखा तंज

सपा सांसद अखिलेश यादव ने अपने एक्स (ट्विटर) हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा, ‘‘उत्तर प्रदेश में फिल्म ‘आओ तुम्हें चांद पे ले जाएं’ की शूटिंग शुरू हो गई है। असल में यह प्रयागराज है, जहां बीजेपी राज में महाकुंभ के नाम पर 1 लाख करोड़ रुपये डकारे गए हैं। भाजपाई कह रहे थे कि ‘नहीं खाएंगे’, लेकिन उन्होंने यह वादा कभी नहीं किया था कि ‘डकारेंगे नहीं’। यह तो उस बेहद खास काली सड़क का हाल है जो सीधे संगम की ओर जाती है, ऐसे में बाकी इधर-उधर की सड़कों की हालत कितनी ज्यादा बदहाल होगी, यह बताने की जरूरत है क्या?’’

​सपा प्रमुख ने आगे कटाक्ष करते हुए लिखा, ‘‘जिन भाजपाइयों ने धर्म और धन के नाम पर चढ़ावा, चंदा और दान चुराने में कोई कसर नहीं छोड़ी, वे भला स्मार्ट सिटी के बजट को क्या छोड़ेंगे। ‘मेनस्ट्रीम मीडिया’ का हर सच्चा और साहसी पत्रकार सराहना का पात्र है। आप सब यूं ही ‘सत्यकारिता’ करते रहिए, हम पूरी तरह आपके साथ हैं। देश के बड़े चैनलों और अखबारों को भी इनसे सीख लेनी चाहिए।’’

Dr. Bhanu Pratap Singh