आगरा। जनपद के मूल निवासी और 2021 बैच के पश्चिम बंगाल कैडर के युवा आईएएस अधिकारी विवेक पंकज का ‘लीडर्स आगरा’ परिवार की ओर से उनके आवास पर पहुंचकर गर्मजोशी के साथ सम्मान एवं अभिनंदन किया गया। इस दौरान संस्था के प्रतिनिधियों की तरफ से उन्हें बुजुर्गों को समर्पित विशेष पुस्तक ‘हमारे बुजुर्ग–हमारी धरोहर’ भेंट की गई तथा आगामी 15वें ‘लीडर्स आगरा अवार्ड्स’ समारोह में गरिमामयी सहभागिता के लिए सादर आमंत्रित किया गया।
इस अभिनंदन समारोह के दौरान ‘लीडर्स आगरा’ परिवार की ओर से महामंत्री सुनील जैन, सुनील बग्गा, राहुल जैन और रोबिन जैन ने आईएएस विवेक पंकज को एक आकर्षक भगवान बुद्ध की प्रतिमा भेंट कर उनका स्वागत किया।
माता-पिता और गुरु को दिया सफलता का श्रेय
सम्मान प्राप्त करने के बाद आईएएस विवेक पंकज ने अपनी इस बड़ी सफलता का पूरा श्रेय अपने माता-पिता, परिवार और अपने गुरु डॉ. अंबरीश अग्रवाल को दिया। उन्होंने कहा कि जीवन में किसी भी मुकाम को हासिल करने के पीछे माता-पिता और गुरुजनों का आशीर्वाद ही सबसे बड़ा संबल होता है। उन्होंने ‘लीडर्स आगरा’ द्वारा समाज में बुजुर्गों और माता-पिता के सम्मान के प्रति चलाए जा रहे सकारात्मक प्रयासों की भी जमकर सराहना की। विवेक पंकज ने कहा, ‘‘माता-पिता सीधे तौर पर भगवान का रूप होते हैं, और उनका आदर-सम्मान करना हमारा सबसे पहला और परम कर्तव्य है।’’
बता दें कि आईएएस विवेक पंकज के पिता पंकज मुकेश आगरा के एक जाने-माने और प्रतिष्ठित शू व्यवसायी व लास्ट डिजाइनर हैं, जो शहर के विकास और विभिन्न सामाजिक सरोकारों में हमेशा सक्रिय रूप से अपनी भागीदारी निभाते रहे हैं।
युवा प्रतिभाओं को बढ़ावा देना संस्था का मुख्य उद्देश्य
इस अवसर पर ‘लीडर्स आगरा’ परिवार के सदस्यों ने कहा कि शहर की प्रतिभाशाली युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना, समाज में माता-पिता और बुजुर्गों के प्रति सम्मान की भावना को और अधिक मजबूत करना तथा आगरा की छुपी हुई प्रतिभाओं को सम्मानित करना उनकी संस्था के प्रमुख उद्देश्यों में शामिल है। संस्था का मानना है कि शहर के ऐसे होनहार युवाओं का सम्मान समाज के अन्य उभरते युवाओं को भी अपने लक्ष्य के प्रति आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है।
- यूपी के लखीमपुर खीरी में खूनी खेल: स्कूल में घुसकर सनकी युवक ने शिक्षिका को गोलियों से भूना, फिर खुद को भी उड़ाया - September 21, 2026
- यूपी के लखीमपुर खीरी में खूनी खेल: स्कूल में घुसकर सनकी युवक ने शिक्षिका को गोलियों से भूना, फिर खुद को भी उड़ाया - September 21, 2026
- ‘मन चल वृंदावन…’ पर झूमे सांवरिया भक्त: आगरा में सजी भव्य भजन संध्या, गूंजा ‘जय श्री श्याम’ का जयघोष - September 21, 2026