2 करोड़ में बनी फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने की 12 करोड़ से अधिक की कमाई, आगरा के सर्व मल्टीप्लेक्स में कलाकारों ने दर्शकों से की मुलाकात

स्थानीय समाचार

आगरा: कम बजट में बनकर तैयार हुई धार्मिक और प्रेरणादायक फिल्म ‘हनुमान अंश’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी जबरदस्त सफलता से सभी को हैरान कर दिया है। मात्र 2 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई इस फिल्म ने अब तक 12 करोड़ रुपये से अधिक का शानदार कारोबार कर लिया है। इसी सफलता के सिलसिले में फिल्म की पूरी टीम दर्शकों का आभार जताने और उनसे रूबरू होने के लिए आगरा के प्रसिद्ध सर्व मल्टीप्लेक्स पहुंची। सर्व मल्टीप्लेक्स के चेयरमैन सर्व प्रकाश कपूर और मॉल के डायरेक्टर रोमित कपूर के कुशल निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम के दौरान कलाकारों ने विभिन्न सिनेमाघरों में पहुंचकर 1000 से ज्यादा दर्शकों से सीधे संवाद किया।

फिल्म में महान संत बाबा नीम करौरी जी की भूमिका निभाने वाले मुख्य कलाकार शोभिनव सत्या ने मीडिया और दर्शकों से बातचीत करते हुए कहा कि फिल्म के सभी कलाकारों ने भगवान हनुमान की वानर सेना की तर्ज पर पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ काम किया है। उन्होंने कहा कि हम सभी का मुख्य उद्देश्य बाबा नीम करौरी जी की शिक्षाओं को घर-घर और जन-जन तक पहुंचाना है। समाज को यह सिखाना है कि हर इंसान से प्रेम करो, सभी को उचित सम्मान दो और जरूरतमंदों की मदद करो। मूल रूप से सीतापुर के खैराबाद के रहने वाले शोभिनव को जब उनके गांव में ही इस फिल्म का ऑफर मिला, तो उन्होंने बिना किसी संकोच के इसे तुरंत स्वीकार कर लिया था।

फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी, जो पेशे से एक डॉक्टर हैं, ने अपने इस सफर के बारे में साझा करते हुए बताया कि उन्होंने लगभग 20 वर्षों तक इस कहानी को अपने दिल में संजोकर रखा था। इसके बाद उन्होंने इस विषय पर एक किताब लिखी और अंततः उसे एक बेहतरीन फिल्म का रूप देकर दर्शकों के सामने प्रस्तुत कर दिया। निर्देशक विशाल जी ने कहा कि उनकी यह फिल्म मूल रूप से भक्ति, सेवा और समर्पण की एक बेहद खूबसूरत यात्रा का मिश्रण है। फिल्म का संदेश बेहद साफ और स्पष्ट है कि सभी से प्रेम करो, हर भूखे का पेट भरो और हमेशा प्रभु श्रीराम का स्मरण करते रहो।

फिल्म के दूसरे भाग (पार्ट टू) को लेकर भी बड़ी घोषणा की गई है। निर्माताओं ने बताया कि इसके अगले पार्ट में बाबा नीम करौरी महाराज के जन्मस्थान फिरोजाबाद से लेकर मथुरा तक पूरे ब्रज क्षेत्र की अद्भूत और सांस्कृतिक झलक देखने को मिलेगी।

सर्व मल्टीप्लेक्स द्वारा इस दौरान एक अनूठी पहल की जा रही है, जिसके तहत हर शो में आने वाले दर्शकों को भगवान श्री राम का विशेष दुपट्टा पहनाकर उनका पारंपरिक तरीके से अभिनंदन किया जा रहा है। राहत की बात यह है कि फिल्म के सभी शोज लगातार हाउसफुल जा रहे हैं, और सिनेमाघर से बाहर निकलने वाले दर्शक बाबा जी के बताए हुए सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने का दृढ़ प्रण ले रहे हैं। इस सफल आयोजन के अवसर पर पंजाबी सभा आगरा महानगर की तरफ से फिल्म के सभी कलाकारों और तकनीकी टीम का शाल ओढ़ाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर तथा दुपट्टा पहनाकर विधिवत सम्मान और अभिनंदन किया गया।

इस गरिमामयी कार्यक्रम के दौरान सर्व मल्टीप्लेक्स के चेयरमैन एवं पंजाबी सभा आगरा महानगर के अध्यक्ष सर्व प्रकाश कपूर, मॉल डायरेक्टर रोमित कपूर, संजीव कपूर, विश्वनाथ जुनेजा, रोहित कत्याल, संजय अरोरा, अमित कौरा, कपिल शर्मा, पी.एस. गीत और राजेश चौधरी सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh