लखनऊ। उत्तर प्रदेश में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। महिलाओं को साधने के लिए सत्तापक्ष और विपक्ष की ओर से एक के बाद एक बड़े चुनावी ऐलान किए जा रहे हैं, जिसके साथ ही एक-दूसरे पर तीखे हमले भी शुरू हो गए हैं। हाल ही में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा सरकार बनने पर महिलाओं को सालाना 40,000 रुपये देने के ऐलान के बाद, अब उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सपा पर कड़ा हमला बोला है।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए सपा प्रमुख के बयानों को पूरी तरह खारिज किया। उन्होंने लिखा, “सपा के मुंह से महिला सुरक्षा और सम्मान की बात करना महज़ एक छलावा है। उत्तर प्रदेश की जनता ने साल 2012 से 2017 के दरम्यान समाजवादी पार्टी के शासनकाल में गुंडागर्दी, अपराध, माफियाओं, दंगाइयों और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण मिलने वाली राजनीति को न केवल अपनी आंखों से देखा है, बल्कि उसे बहुत करीब से भुगता भी है।”
2027 और देश की सत्ता को लेकर कसा तंज
केशव मौर्य ने सपा और कांग्रेस के नेतृत्व पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पूरी तरह साफ है कि सपा मुखिया अखिलेश यादव को 2027 से 2047 तक उत्तर प्रदेश की सत्ता और उनके दिल्ली वाले राजनीतिक संरक्षक कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को 2049 तक देश की सत्ता मिलने वाली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि ये दोनों नेता भविष्य के नाम पर केवल फर्जी वादे बेचने का काम कर रहे हैं।
सपा के प्रमुख राजनीतिक नारे ‘PDA’ पर कटाक्ष करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के इस PDA का असली मतलब ‘परिवार डेवलपमेंट एजेंसी’ है। इस बात को उत्तर प्रदेश की माताएं और बहनें बहुत अच्छी तरह से समझती हैं, इसलिए वे समाजवादी पार्टी की किसी भी चाल, जाल और उनके झांसे में आने वाली नहीं हैं।
- ’चेहरे अलग, चरित्र एक’: डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने सपा, राजद, टीएमसी और आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना, बोले— जनता इन्हें नकार चुकी है - August 27, 2026
- राम जन्मभूमि परिसर के मंदिरों में सामान्य दर्शन पास व्यवस्था समाप्त: 1 सितंबर से ऑनलाइन बुकिंग बंद, श्रद्धालु बिना पास कर सकेंगे दर्शन - August 27, 2026
- एटा के DM को यूपी सरकार की मंत्री बेबी रानी मौर्य ने किया 17 बार फोन लेकिन नहीं किया रिसीव, मंत्री ने जताई नाराजगी - August 27, 2026