रक्तदान में आगरा व्यापार मंडल का नया कीर्तिमान: 1478 यूनिट रक्त एकत्र कर स्थापित किया सेवा का नया ऐतिहासिक मानक

स्थानीय समाचार

चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर में उमड़ा व्यापारी समाज, सेवा और समर्पण से बनाया नया कीर्तिमान

केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल सहित जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संस्थाओं ने बढ़ाया रक्तदाताओं का उत्साह

आगरा। सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को नई ऊंचाई देते हुए आगरा व्यापार मंडल ने अपने चतुर्थ विशाल रक्तदान शिविर में अपना ही रिकॉर्ड तोड़ते हुए 1478 यूनिट रक्तदान कर नया इतिहास रच दिया। दरेसी स्थित रामस्वरूप गर्ल्स इंटर कॉलेज में आयोजित शिविर में व्यापारी समाज, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, उप्र लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग, एमएलसी विजय शिवहरे, महामंत्री उप्र उद्योग व्यापार मंडल एवं सदस्य राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड राजेंद्र गुप्ता, पूर्व विधायक रामबाबू हरित सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने उपस्थित होकर रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन किया।

मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि रक्तदान मानव सेवा का सबसे बड़ा माध्यम है। रक्त की एक यूनिट किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। आगरा व्यापार मंडल ने 1478 यूनिट रक्तदान कर समाज के सामने सेवा, समर्पण और सामाजिक जिम्मेदारी का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।

कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा कि आगरा का व्यापारी समाज हमेशा सामाजिक सरोकारों में अग्रणी रहा है। अपने ही रक्तदान रिकॉर्ड को तोड़कर 1478 यूनिट रक्तदान करना व्यापारी समाज की एकजुटता और सेवा भावना का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज के अन्य वर्गों को भी जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, पूर्व विधायक रामबाबू हरीश, उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग एवं एमएलसी विजय शिवहरे ने भी रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए आगरा व्यापार मंडल के इस सेवा अभियान की सराहना की और कहा कि रक्तदान के माध्यम से व्यापारी समाज ने सामाजिक जिम्मेदारी का अनुकरणीय संदेश दिया है।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल एवं राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड राजेंद्र गुप्ता ने आगरा व्यापार मंडल को इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि 1478 यूनिट रक्तदान केवल एक आंकड़ा नहीं, बल्कि जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवन की उम्मीद है। उन्होंने रक्तदाताओं की सेवा भावना की सराहना की।

व्यापारी समाज की एकजुटता से बना रिकॉर्ड : टीएन अग्रवाल

आगरा व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने सभी अतिथियों, रक्तदाताओं, सदस्य संस्थाओं, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों का स्वागत करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे व्यापारी समाज की सामूहिक शक्ति और सेवा भावना का परिणाम है। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल ने अपने सामाजिक दायित्व को निभाते हुए यह संदेश दिया है कि व्यापारी समाज जरूरतमंदों की सहायता के लिए सदैव तत्पर है।

लोकहितम ब्लड बैंक ने संभाली चिकित्सा व्यवस्था

शिविर में रक्तदाताओं की सुविधा एवं सुरक्षित रक्तदान के लिए लोकहितम ब्लड बैंक, कमला नगर की ओर से आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गईं। प्रशिक्षित चिकित्सकों एवं तकनीकी स्टाफ की देखरेख में रक्तदाताओं का पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्त संग्रह किया गया।
डॉ नीतू चौहान के नेतृत्व में एसएन मेडिकल कॉलेज की ब्लड बैंक टीम का विशेष सहयोग रहा।

रक्तदाताओं को वितरित किया ताजा फलों का रस

महामंत्री अशोक मंगवानी ने बताया कि आगरा व्यापार मंडल की नई पहल के तहत रक्तदान करने वाले सभी रक्तदाताओं को नरेंद्र बंसल के सहयोग से ताजा फलों के रस का वितरण किया गया। संगठन महामंत्री राकेश बंसल ने बताया कि रक्तदान के बाद रक्तदाताओं के स्वास्थ्य एवं सुविधा को ध्यान में रखते हुए उन्हें पौष्टिक एवं ताजा पेय उपलब्ध कराया गया। इस पहल की रक्तदाताओं ने सराहना की। साथ ही सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र के साथ पिट्ठू बैग प्रदान किए गए।

रक्तदान शिविर में सर्वप्रथम रक्तदान शिविर के संयोजक योगेश रखवानी ने रक्तदान किया। शिविर में मंच संचालन जय पुरसनानी और राजीव गुप्ता ने किया।

रक्तदान पर बनी शॉर्ट फिल्म की हुई स्क्रीनिंग

कोषाध्यक्ष नितेश अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में रक्तदान के प्रति जागरूकता का संदेश देने वाली शॉर्ट फिल्म ‘रक्तदान’ की विशेष स्क्रीनिंग भी की गई। यह शॉर्ट फिल्म रंगकर्मी अनिल जैन द्वारा निर्मित और अंशु दीक्षित द्वारा निर्देशित है।

जेनजी की भागीदारी रही सबसे अधिक

संयोजक राजीव गुप्ता ने बताया कि रक्तदान शिविर की सबसे बड़ी विशेषता जेनजी की 80 फीसदी भागीदारी रही। पहली बार रक्तदान करने वालों में युवा पीढ़ी सबसे आगे रही। बड़ी संख्या में जेनजी के युवा अपने पापा और दादा के साथ रक्तदान करने पहुंचे।

पहली बार रक्तदान करने वाले युवाओं में मारुति एस्टेट निवासी रोशन रमानी विशेष रूप से उल्लेखनीय रहे। उनकी 18 वर्ष की आयु अभी पूरी नहीं हुई है और एक माह बाद वे 18 वर्ष के होंगे, इसके बावजूद शिविर में उन्होंने पहली बार रक्तदान किया। इसके अलावा दयालबाग निवासी कृष्णा चाहर, कृष्णा अग्रवाल, सचिन ने भी पहली बार रक्तदान कर युवा पीढ़ी को प्रेरक संदेश दिया।

सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों की भी सहभागिता

गुरुद्वारा गुरु का ताल के महंत अजैब सिंह एवं महंत जसपाल सिंह उपस्थित रहे। वहीं सिंध हेलपेज से सुरेश शीतलानी, चिबरानी आदि उपस्थित रहे। डॉ ज्ञान प्रकाश, डॉ प्रशांत प्रकाश, सुनील विकल, उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष जीतू सोनी आदि उपस्थित रहे।

पदाधिकारियों एवं सदस्य संस्थाओं का रहा महत्वपूर्ण योगदान

शिविर में भोजन व्यवस्था राजेंद्र गुप्ता ने संभाली। व्यवस्था भगवान दास बंसल, विष्णु दयाल बंसल, कन्हैया लाल राठौड़, संयोजक संदीप गुप्ता, महावीर मंगल, राजेश अग्रवाल, मनोज भाटिया, बृजमोहन रैपुरिया, अनूप बंसल, राजेश सिंघल, नितिन अग्रवाल, योगेश रखवानी, अमित मोरियानी, साहूकार सिंह चाहर, दुष्यंत गर्ग, राजेंद्र सचदेवा, जयप्रकाश अग्रवाल, मनीष बंसल, देवेंद्र अग्रवाल, विमल गर्ग, अशोक लालवानी, राजीव अग्रवाल आदि ने संभाली।

Dr. Bhanu Pratap Singh