असमंजस खत्म! प्रयागराज में राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को मिली हरी झंडी, ट्रस्ट से मुलाकात के बाद केपी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजन पर बनी सहमति

REGIONAL

प्रयागराज: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ (Chhatron Ki Goonj) कार्यक्रम को लेकर प्रयागराज जिले में पिछले कई दिनों से बना असमंजस आखिरकार अब समाप्त हो गया है। कायस्थ पाठशाला (KP) ट्रस्ट ने पहले दी गई अपनी अनुमति को वापस ले लिया था, लेकिन अब अपना निर्णय बदलते हुए केपी इंटर कॉलेज के मैदान में इस कार्यक्रम के आयोजन की आधिकारिक अनुमति प्रदान कर दी है।

​इससे पहले, ट्रस्ट द्वारा अनुमति अचानक निरस्त किए जाने के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और सांसद उज्ज्वल रमण सिंह ने जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस उच्चस्तरीय बैठक में अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) डॉ. अजय पाल शर्मा भी विशेष रूप से मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन के समक्ष स्पष्ट किया कि आगामी 8 अगस्त को प्रस्तावित इस बड़े कार्यक्रम को अब किसी भी स्थिति में स्थगित करना संभव नहीं है।

प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से स्पष्ट किया गया कि कार्यक्रम को लेकर सरकार या प्रशासन की तरफ से कोई आपत्ति नहीं है और यदि केपी ट्रस्ट अपनी अनुमति दे देता है, तो सुरक्षा एवं अन्य तमाम व्यवस्थाओं में पुलिस और प्रशासन द्वारा पूरा सहयोग प्रदान किया जाएगा।

ट्रस्ट से मुलाकात के बाद बनी बात

प्रशासनिक स्तर पर हरी झंडी मिलने के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के नेतृत्व में कायस्थ पाठशाला ट्रस्ट के कार्यवाहक अध्यक्ष चौधरी जितेंद्रनाथ सिंह से उनके आवास पर जाकर मुलाकात की। सभी कानूनी पहलुओं और विधिक सलाह पर विचार करने के बाद, ट्रस्ट ने देर रात लगभग 9:58 बजे कार्यक्रम के आयोजन के लिए अपनी अनुमति प्रदान कर दी।

​आपको बता दें कि राहुल गांधी का यह बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम मुख्य रूप से नीट पेपर लीक (NEET Paper Leak), प्रतियोगी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं तथा छात्र हितों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर पूरी तरह केंद्रित है। इससे पहले, ट्रस्ट ने 30 जुलाई को दी गई अपनी पुरानी अनुमति यह हवाला देते हुए निरस्त कर दी थी कि लगातार हो रही बारिश के कारण मैदान में भारी कीचड़ हो गया है तथा इलाहाबाद हाईकोर्ट के आदेशों का अनुपालन करना भी अत्यंत आवश्यक है।

​अनुमति मिलने के बाद अब मैदान से पानी निकालने के लिए युद्धस्तर पर कई बड़े पंप लगाए गए हैं, जबकि मुख्य सभा स्थल पर मजबूत लकड़ी का प्लेटफॉर्म तैयार करने का काम भी शुरू कर दिया गया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने खुद स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों में और तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

राहुल गांधी ने केंद्र और प्रशासन पर साधा निशाना

​इस पूरे घटनाक्रम के बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक तीखा पोस्ट साझा कर केंद्र सरकार और स्थानीय प्रशासन पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाहाबाद यूनिवर्सिटी के छात्र भारी फीस वृद्धि और सीटों में कटौती जैसे गंभीर मुद्दों पर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठा रहे हैं, लेकिन उनकी बात सुनने के बजाय उन पर दमनकारी कार्रवाई की जा रही है।

राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि उनके प्रयागराज दौरे और कार्यक्रम को विफल करने के लिए हर संभव कोशिश की जा रही है। उन्होंने दो टूक कहा कि वे देश के युवाओं और छात्रों के अधिकारों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं और उनकी बुलंद आवाज को कोई नहीं दबा सकता।

​राहुल गांधी ने अपने एक्स पोस्ट में लिखा था, “इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्र फीस वृद्धि और सीट कटौती के खिलाफ़ अपने भविष्य की लड़ाई लड़ रहे हैं। लेकिन प्रशासन छात्रों को सुनने के बजाय उन पर एफआईआर (FIR) कर रहा है। मोदी सरकार की नीति ही युवाओं की आवाज़ दबाना है। सवाल पूछो तो लाठी, विरोध करो तो मुक़दमे, और आवाज़ उठाओ तो पेलेट गन। जब मैंने छात्रों की बात को सुनने के लिए प्रयागराज आने का फैसला किया, तब से प्रशासन मेरे कार्यक्रम को हर संभव तरीके से रोकने की कोशिश कर रहा है। साफ़ है, उन्हें छात्रों की गूंज से भी डर लग रहा है। मैं छात्रों के साथ हूँ। सरकार चाहे जितनी भी कोशिश कर ले, मुझे छात्रों की आवाज़ उठाने से रोक नहीं सकती।”

Dr. Bhanu Pratap Singh