वाराणसी: स्कूल में अमानवीयता की हदें पार, पैंट में यूरिन करने पर टीचर ने मासूम के प्राइवेट पार्ट को गर्म चाकू से दागा, FIR दर्ज

Crime

वाराणसी। शिक्षा के मंदिर में एक बेहद दर्दनाक और रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। वाराणसी के लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र स्थित ‘सेरेन सोनी प्ले स्कूल’ में एक महिला शिक्षिका ने 5 वर्षीय मासूम छात्र को क्रूरता की सजा दी। आरोप है कि बच्चे द्वारा पैंट में यूरिन करने पर शिक्षिका ने चाकू गर्म कर उसके प्राइवेट पार्ट को जला दिया। इस घटना के बाद से बच्चा गहरे सदमे में है।

पीड़ित परि​जनों को इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने इसकी शिकायत स्कूल के प्रिंसिपल से की लेकिन वो मदद की बजाए पीड़ित परिजनों को धमकाने लगीं। इसके बाद पीड़ित परिजनों ने पुलिस से शिकायत है। पुलिस ने मामल दर्जकर जांच शुरू कर दी है। उधर, इस मामले में अखिलेश यादव ने भी तत्काल यथोचित कार्रवाई की मांग की है।

केशरी जायसवाल पेशे से अधिवक्ता हैं। इनका पांच वर्षीय बेटा लालपुर-पांडेयपुर थाना क्षेत्र स्थित ‘सेरेन सोनी प्ले स्कूल’ में पढ़ता है। क्लास टीचर ने पैंट में बाथरूम करने पर मासूम छात्र का प्राइवेट पार्ट को गर्म चाकू से जला दिया। बताया जा रहा है कि, बीते 24 जुलाई को छात्र ने बाथरूम जाने की इजाजत मांगी थी लेकिन इस दौरान टीचर के मना करने पर उसने पैंट में ही बाथरूम कर दिया।

आरोप है कि, इससे नाराज होकर महिला ​टीचर बच्चे को दूसरे कमरे में लेकर गई, जहां उसके गैस पर चाकू गर्म किया और मासूम के प्राइवेट पार्ट को जला दिया। पीड़ित अधिवक्ता पिता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कानूनी जांच शुरू कर दी है। घर पहुंचे सहमे बच्चे ने जब रोते हुए परिजनों को आपबीती सुनाई, तो परिजनों ने टीचर से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया।

इसके बाद उन्होंने स्कूल की प्रिंसिपल को फोन किया तो वो पीड़ित परिवार को ही धमकाने लगीं। इस मामले में पीड़ित परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने एफआईआर दर्जकर जांच शुरू कर दी है। वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, ये एक बेहद गंभीर मामला है जिसका दर्दनाक और ख़ौफ़नाक असर उस बच्चे पर जीवनभर हो सकता है। टीचर्स में इतनी समझ तो होनी चाहिए कि उन्हें बच्चों से हमदर्दी और इंसानियत से पेश आना चाहिए। तत्काल यथोचित कार्रवाई हो।

पुलिस ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और दोषी शिक्षिका व स्कूल प्रशासन के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh