आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी आगरा महानगर के निवर्तमान अध्यक्ष भानु महाजन के आवास पर पहुंचकर उन्हें ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री ने भानु महाजन के पिताजी एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता स्वर्गीय अनिल महाजन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी भी उनके साथ उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री ने शोकाकुल परिजनों से भेंट की और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं। इस दौरान उन्होंने भानु महाजन से अत्यंत आत्मीयता के साथ चर्चा की और परिवार के सदस्यों का कुशलक्षेम जाना। मुख्यमंत्री ने माहाजन परिवार की तीन पीढ़ियों द्वारा भारतीय जनता पार्टी और संगठन को दिए गए योगदान को याद करते हुए उसे अनुकरणीय बताया।
भानु महाजन ने मुख्यमंत्री को अपने पिता के अंतिम दिनों के संस्मरण साझा करते हुए बताया कि उनके पिताजी का एकमात्र ध्येय संगठन की सेवा ही था। भानु महाजन ने बताया कि अस्वस्थ रहने के बावजूद उनके पिताजी सदैव उनसे यही कहते थे कि, “मेरे स्वास्थ्य की चिंता मत करो, तुम पूरी निष्ठा के साथ पार्टी और संगठन की सेवा में लगे रहो।” उन्होंने कहा कि पिताजी के ये शब्द उनके लिए सदैव प्रेरणा के स्रोत रहेंगे।
शोक संवेदना व्यक्त करने के दौरान मुख्यमंत्री ने डॉ. पारुल महाजन से भी विशेष चर्चा की। इस दौरान आगरा कॉलेज से जुड़े विभिन्न विषयों और प्रदेश में हाल ही में लागू की गई ‘कैशलेस इंश्योरेंस व्यवस्था’ पर भी संवाद हुआ। डॉ. पारुल महाजन ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि इस नई व्यवस्था को लेकर प्रदेश भर में नागरिकों के बीच काफी उत्साह है और लोग इसे लेकर बेहद सकारात्मक हैं।
इस अवसर पर स्व. अनिल महाजन की धर्मपत्नी श्रीमती उषा रानी महाजन, भानु महाजन की धर्मपत्नी डॉ. पारुल महाजन, सुपुत्र अथर्व महाजन, भाई ध्रुव महाजन, भाभी श्रीमती शिम्पू महाजन, आनंद अग्रवाल, कनिका अग्रवाल, सौरभ अग्रवाल, रियांश अग्रवाल एवं ब्राशिक अग्रवाल सहित परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
- सपा बहादुर अखिलेश यादव की कुंडली में मुख्यमंत्री और राहुल गांधी की कुंडली में 2047 तक प्रधानमंत्री बनने का कोई योग नहीं: केशव प्रसाद मौर्य - July 27, 2026
- आगरा क्लॉथ मर्केन्टाइल एसोसियेशन की स्वर्णिम यात्रा: 50 साल के गौरवशाली सफर के बाद 3 अगस्त को होगा भव्य आयोजन - July 27, 2026
- आगरा: गौ माता के सम्मान में उमड़ा जनसैलाब, 8 लाख हस्ताक्षरों के साथ जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन - July 27, 2026