उद्घाटन के 12 दिन बाद ही धंसी 4,200 करोड़ से बने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेस-वे की सड़क: कांग्रेस ने बताया BJP का ‘करप्शन मॉडल’

REGIONAL

उन्नाव। करोड़ों रुपये की लागत से तैयार लखनऊ-कानपुर ग्रीनफील्ड नेशनल एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन के महज 12 दिन बाद ही इसकी निर्माण गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े हो गए हैं। इस मामले में कांग्रेस पार्टी ने अपने ‘X’ हैंडल पर एक वीडियो साझा करते हुए कड़े तेवर दिखाए हैं। पार्टी ने लिखा कि 13 जुलाई को जिस सड़क का उद्घाटन हुआ, वह 26 जुलाई को ही धंस गई।

पार्टी ने लिखा कि ये 4,200 करोड़ रुपए में बने लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे की हकीकत है।BJP सरकार में घटिया माल लगाकर सड़कें बनाई जाती हैं, पैसों की लूट-खसोट होती है, नेता-मंत्री करोड़ों रुपए डकार जाते हैं। नतीजा- जनता को ‘तोहफे’ में ऐसी धंसी हुई रद्दी सड़क मिलती है। यही BJP का ‘करप्शन मॉडल’ है।

बारिश के चलते एक्सप्रेस-वे का एक हिस्सा धंस जाने का वीडियो समाजवादी पार्टी के नेता मधुसूदन यादव ने बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया है। मधुसूदन यादव ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर साझा करते हुए एक्सप्रेस-वे की निर्माण गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठाए हैं। लोगों का कहना है कि यदि भारी बारिश की पहली परीक्षा में ही सड़क क्षतिग्रस्त हो जाती है, तो इसके दीर्घकालिक उपयोग और सुरक्षा को लेकर गंभीरता से जांच की जानी चाहिए।

बता दें कि यह मामला उन्नाव जिले के कोरारी क्षेत्र के पास का है, जहां कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले हिस्से में करीब 5 से 7 मीटर सड़क धंस गई। बताया जा रहा है कि लगातार हो रही बारिश के कारण सड़क के नीचे की मिट्टी खिसकने से यह हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ।

दुरुस्त करने का दावा

इसी सूचना मिलते ही निर्माण एजेंसी ने तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कर सड़क को दुरुस्त कराने का दावा किया है। निर्माण एजेंसी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत का कार्य शुरू करा दिया। आनन-फानन में सड़क को दुरुस्त करने का काम किया गया, ताकि यातायात प्रभावित न हो और आगे किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे।

सड़क धंसने के वास्तविक कारणों को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। 13 जुलाई को प्रदेश के मुख्यमंत्री, केंद्रीय रक्षा मंत्री और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने 63 किलोमीटर लंबे लखनऊ-कानपुर ग्रीनफील्ड नेशनल एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन किया था। इस परियोजना को लखनऊ और कानपुर के बीच यात्रा को अधिक तेज, सुरक्षित और सुगम बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है।

Dr. Bhanu Pratap Singh