आगरा: विश्व प्रसिद्ध ऐतिहासिक स्मारक और हाई-सिक्योरिटी जोन माने जाने वाले ताजमहल की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती देता हुआ एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक युवक ताजमहल के अंदर वह फाउंटेन (फव्वारे) के अंदर किसी स्विमिंग पूल की तरह उतरकर मस्ती करता दिखाई दिया।
@AYAZYUSUFF786 आईडी से शेयर हुआ वीडियो
सामने आई जानकारी के मुताबिक, यह वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर @AYAZYUSUFF786 नाम की आईडी से शेयर किया गया है। जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ, वैसे ही ताजमहल की सुरक्षा में तैनात केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF), स्थानीय पुलिस और पुरातत्व विभाग (ASI) के अधिकारियों के होश उड़ गए। वीडियो सामने आने के बाद से ही स्मारक की सुरक्षा व्यवस्था और प्रतिबंधित क्षेत्रों में की जाने वाली निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े होने लगे हैं।
सुरक्षा नियमों की उड़ी धज्जियां
ताजमहल परिसर में पर्यटकों की सुरक्षा और ऐतिहासिक धरोहर के संरक्षण के लिए कड़े नियम लागू हैं। इसके तहत कई संवेदनशील और मुख्य हिस्सों में पर्यटकों का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित है। ऐसे में किसी युवक का फाउंटेन में इतनी देर तक मस्ती करना और वहां आराम से वीडियो शूट करना इस बात की ओर साफ इशारा करता है कि सुरक्षा व्यवस्था में कहीं न कहीं बहुत बड़ी चूक हुई है।
हालांकि, यह वायरल वीडियो कब बनाया गया है इस बात की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई है। वीडियो के तूल पकड़ने के बाद अब संबंधित सुरक्षा एजेंसियां और अधिकारी इसकी गहनता से जांच-पड़ताल कर रहे हैं।
अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी और युवक की पहचान कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- ताजमहल के फाउंटेन में स्विमिंग पूल की तरह उतरता दिखा युवक, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल - September 27, 2026
- आगरा में दो अलग-अलग हादसे: अज्ञात वाहन की टक्कर से किसान की मौत, वहीं पिनाहट में बरामदा गिरने से दर्जनभर लोग घायल - September 27, 2026
- हिन्दी दिवस पर मेधावियों का भव्य सम्मान, आगरा पब्लिक स्कूल में 18 मेधावी छात्र और 5 हस्तियां सम्मानित - September 27, 2026