आगरा। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच वैश्य समाज ने अपनी राजनीतिक सक्रियता और भागीदारी को लेकर बड़ा दांव खेला है। आगरा के होटल एस.एन.जे. ताज ग्रांड में आयोजित भारतीय वैश्य महासभा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी और मार्गदर्शक मंडल की बैठक में समाज की भूमिका को लेकर एक महत्वपूर्ण खाका तैयार किया गया। बैठक का मुख्य केंद्र आगामी चुनाव में समाज का राजनीतिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करना रहा।
लखनऊ में होगा ‘वैश्य महाकुंभ’
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रवि प्रकाश अग्रवाल की अध्यक्षता में संपन्न हुई इस बैठक में बड़ा निर्णय लेते हुए अक्टूबर माह में लखनऊ में ‘विशाल वैश्य महाकुंभ’ आयोजित करने का ऐलान किया गया। अध्यक्ष ने जोर देकर कहा कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था में वैश्य समाज रीढ़ की हड्डी के समान है, ऐसे में राजनीतिक प्रतिनिधित्व भी उसी अनुपात में मिलना चाहिए। महाकुंभ के माध्यम से सभी प्रमुख राजनीतिक दलों को समाज की मजबूती और दावेदारी का संदेश दिया जाएगा।
‘मिशन सदस्यता’ और संगठनात्मक विस्तार
बैठक में संगठन की जड़ों को और गहरा करने पर विस्तृत चर्चा हुई। अगले एक माह के भीतर प्रत्येक पदाधिकारी को कम से कम 20 नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य सौंपा गया है। राष्ट्रीय प्रधान महासचिव डॉ. संजीव कुमार वार्ष्णेय ‘बंटी बाबू’ ने बताया कि वर्तमान में 45 जिलों में सक्रिय यह संगठन अब गांव-गांव और शहर-शहर तक अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगा।
चुनावी रणनीति: 100 प्रत्याशियों का सम्मेलन
विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन ने ‘मिशन 100’ पर काम शुरू कर दिया है। इसके तहत राज्यभर के 100 संभावित वैश्य प्रत्याशियों का एक विशेष सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें उन सभी चेहरों को एक मंच पर लाया जाएगा जो विभिन्न राजनीतिक दलों से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं, ताकि समाज के प्रभाव को संगठित रूप दिया जा सके।
नई नियुक्तियों से मिला बल
संगठन को नई ऊर्जा देने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियां भी की गईं। इसमें प्रदीप गुप्ता (राष्ट्रीय उपाध्यक्ष), डॉ. डी.एस. गुप्ता (राष्ट्रीय सचिव), अवनीश गुप्ता (राष्ट्रीय संगठन मंत्री), वैभव केला (युवा प्रकोष्ठ प्रदेश प्रभारी), संजीव गोयल (राष्ट्रीय संगठन मंत्री), अभिषेक मोहन जायसवाल (पूर्वी यूपी प्रभारी) और ममता गुप्ता को महिला प्रकोष्ठ का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किया गया।
चुनाव लड़ने का दम भरते दावेदार
बैठक में राजनीतिक माहौल तब और गर्म हो गया जब अशोक कुमार अग्रवाल, अवनीश गुप्ता, प्रदीप गुप्ता, अभिषेक मोहन जायसवाल और प्रमोद गुप्ता जैसे नेताओं ने आगामी चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा सार्वजनिक रूप से व्यक्त की। कार्यक्रम के समापन पर संजीव गोयल ने आए हुए सभी पदाधिकारियों और सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस महत्वपूर्ण बैठक में राकेश कुमार चिकोरी, गीता वार्ष्णेय, अमृत खंडेलवाल, ऋषि गुप्ता, सत्यप्रवीण गुप्ता, नीरज गुप्ता, राकेश गुप्ता, कल्पना अग्रवाल, संध्या अग्रवाल, कृष्ण कुमार खंडेलवाल, पंकज गुप्ता, राजेंद्र खंडेलवाल और राजेश गुप्ता समेत देश के विभिन्न राज्यों से आए गणमान्य लोगों ने अपनी सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई।
- आगरा में भक्ति का अनूठा संगम: छीपीटोला मंदिर में उपाध्याय पदारोहण एवं जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव का भव्य शुभारंभ, विनोली यात्रा में उमड़ा जनसैलाब - July 5, 2026
- जैसवाल जैन महासभा का संकल्प: संगठन विस्तार और राजनीतिक भागीदारी पर मंथन, आगरा में मेधावियों का हुआ सम्मान - July 5, 2026
- आगरा के कुतकपुर गांव में मातम: कूलर के तार से संदूक में दौड़ा करंट, सोए रह गए माता-पिता, उजड़ गई चार बच्चों की दुनिया - July 5, 2026