आगरा में हनीट्रैप का जाल बिछाकर युवक को बनाया बंधक; निर्वस्त्र कर अश्लील वीडियो बनाने का प्रयास और 5 लाख की रंगदारी, 8 पर केस दर्ज

Crime

आगरा। ताजनगरी आगरा में हनीट्रैप (Honeytrap) के जरिए एक युवक को अपने जाल में फंसाकर बंधक बनाने, उसके साथ मारपीट करने, निर्वस्त्र कर अश्लील वीडियो बनाने का प्रयास करने और तमंचे के बल पर पांच लाख रुपये की भारी-भरकम रंगदारी मांगने का एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित युवक किसी तरह आरोपियों के चंगुल से जान बचाकर थाने पहुँचा और पुलिस को आपबीती सुनाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना न्यू आगरा पुलिस ने मुख्य आरोपी हेमंत शर्मा समेत आठ लोगों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।​

लड़की से मिलवाने के बहाने कमरे पर बुलाया

​प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना न्यू आगरा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दयालबाग स्थित कृष्णाबाग इलाके में यह पूरी वारदात अंजाम दी गई। मुख्य आरोपी हेमंत शर्मा ने व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से पीड़ित युवक से संपर्क साधा था। बातचीत के दौरान आरोपियों ने उसे एक लड़की से मिलवाने का प्रलोभन दिया और इसी झांसे में लेकर उसे कृष्णाबाग, दयालबाग स्थित एक कमरे पर मिलने के लिए बुला लिया।
​युवक जब बताए गए पते पर पहुँचा, तो उसे अपनी किसी साजिश का अंदेशा नहीं था। जैसे ही वह कमरे के अंदर दाखिल हुआ, वहाँ पहले से घात लगाए बैठे सात अन्य आरोपियों ने तुरंत दरवाजा बंद कर लिया और उसे घेर लिया। अचानक इतने लोगों को सामने देखकर युवक जब तक कुछ समझ पाता, आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

कपड़े उतरवाकर अश्लील वीडियो बनाने का प्रयास

पीड़ित ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उसे पूरी तरह डराने और ब्लैकमेल करने के लिए उसके कपड़े उतरवा दिए। इसके बाद मोबाइल से उसका अश्लील वीडियो बनाने का प्रयास किया गया।

इस दौरान आरोपियों ने तमंचा (पिस्तौल) निकालकर उसकी कनपटी पर लगा दिया और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने और बदनाम करने का डर दिखाकर युवक से पाँच लाख रुपये की रंगदारी की मांग की।

​सूझबूझ से छूटा चंगुल, थाने पहुँचा पीड़ित

अचानक हुई इस भयावह घटना से सहमे युवक ने बेहद सूझबूझ और संयम का परिचय दिया। उसने आरोपियों को यह विश्वास दिलाया कि वह पैसों का इंतजाम करने के लिए तैयार है, ताकि उसे वहाँ से निकलने का मौका मिल सके।
​जैसे ही उसे कमरे से बाहर निकलने का अवसर मिला, वह फौरन वहां से भागा और सीधे थाना न्यू आगरा पहुँचा। पुलिस ने पीड़ित की बात सुनकर तुरंत एक्शन लिया और पूरी घटना की जानकारी दर्ज की।

​आठ आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

​मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना न्यू आगरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी हेमंत शर्मा तथा सात अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Dr. Bhanu Pratap Singh