आगरा। ताजनगरी आगरा आने वाले 5 और 6 जुलाई को एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण धार्मिक आयोजन की साक्षी बनने जा रही है। रकाबगंज थाना क्षेत्र के सामने स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर, छीपीटोला में ‘उपाध्याय पदारोहण दिवस’ एवं भव्य ‘जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा।
यह कार्यक्रम समाधिस्थ आचार्यश्री विद्यासागर जी महाराज एवं आचार्यश्री अभिनंदन सागर जी महाराज के आशीर्वाद तथा वैज्ञानिक संत आचार्यश्री निर्भयसागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में संपन्न होगा।
महोत्सव को लेकर मंदिर समिति ने तैयारियां अंतिम चरण में पहुँचा दी हैं। आयोजन की जानकारी देते हुए आचार्यश्री निर्भयसागर जी महाराज ने बताया कि यह आगरा के लिए एक अत्यंत दुर्लभ धार्मिक अवसर है। इस महोत्सव के मुख्य आकर्षण के रूप में कोटा के ब्रह्मचारी मोहनलाल भैय्या को ‘जैनेश्वरी दीक्षा’ प्रदान की जाएगी, वहीं निर्यापक मुनि श्री शिवदत्तसागर जी महाराज को ‘उपाध्याय पद’ से विभूषित करने के संस्कार संपन्न कराए जाएंगे।
दो दिवसीय विस्तृत कार्यक्रम:
5 जुलाई को महोत्सव का शुभारंभ सुबह 7 बजे पाठशाला शिक्षक संगोष्ठी के साथ होगा। दोपहर 2 बजे से ‘गणधर वलय विधान’ का आयोजन किया जाएगा। शाम 7 बजे ब्रह्मचारी मोहनलाल भैय्या की भव्य ‘विनोली यात्रा’ एवं गोदभराई समारोह निकाला जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन अपनी सहभागिता दर्ज कराएंगे।
6 जुलाई को सुबह 7:30 बजे जैन भवन से एक विशाल एवं भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पार्श्वधाम पहुँचेगी। मंदिर परिसर में ध्वजारोहण, चित्र अनावरण, दीप प्रज्वलन और उपाध्याय पदारोहण व दीक्षा संस्कार जैसी मांगलिक धार्मिक विधियाँ संपन्न होंगी।
श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन उप पंचायत समिति, छीपीटोला के अध्यक्ष मनोज जैन ‘बल्लो’ ने बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए विशाल पंडाल का निर्माण किया जा रहा है। उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के बसों द्वारा आगरा पहुँचने की प्रबल संभावना है।
मंदिर समिति के मंत्री मुरारीलाल जैन एवं मुख्य संयोजक अनिल जैन ‘कांटे वालों’ ने बताया कि आचार्यश्री को श्रीफल अर्पित करने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।
पत्रकार वार्ता के दौरान अक्षय जैन, हेमंत जैन, प्रवीन जैन, मोनू जैन, दीपक जैन, शुभम जैन (मीडिया प्रभारी) सहित मंदिर समिति के अनेक पदाधिकारी और समाज के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। पूरे आयोजन को लेकर आगरा के जैन समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
- अयोध्या राम मंदिर चंदा मामला: सोने से मढ़ी रामचरितमानस भी हुई गायब, पूर्व IAS बोले- 5 करोड़ कीमत थी, चंपत राय ने रसीद नहीं दी, अब कहा- मैं कुछ नहीं कर सकता - July 4, 2026
- लखनऊ अग्निकांड पर हाईकोर्ट की योगी सरकार पर सख्त टिप्पणी: ’15 युवाओं की मौत राज्य की दयनीय स्थिति का प्रमाण’, अफसरों की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल - July 4, 2026
- आगरा के शिवहरे समाज की अनूठी पहल: स्व. अतुल शिवहरे की स्मृति में आयोजित शिविर में हुआ 55 यूनिट रक्तदान - July 4, 2026