आगरा। थाना हरीपर्वत पुलिस ने शहर में सक्रिय उस शातिर ‘ऑटो गैंग’ का भंडाफोड़ किया है, जो सवारी को ऑटो में बैठाकर सुनसान रास्तों पर लूटपाट की घटनाओं को अंजाम दे रहा था। पुलिस ने इस गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है और शनिवार दोपहर उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। पकड़े गए बदमाशों के पास से लूटी गई नकदी, मोबाइल फोन, चाकू और घटना में इस्तेमाल किया गया ऑटो बरामद हुआ है।
क्या था पूरा मामला?
यह मामला 3 जुलाई को दर्ज हुई एक शिकायत के बाद सुर्खियों में आया। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि 25 जून 2026 को वह अपनी पत्नी के साथ अस्पताल से घर लौट रहा था। उन्होंने रास्ते में एक ऑटो पकड़ा, जिसमें पहले से ही दो-तीन लोग सवार थे। कुछ दूर चलने के बाद ही ऑटो में बैठे इन बदमाशों ने दम्पति को बंधक बनाकर उनसे 17 हजार रुपये की नकदी लूट ली और सुल्तानगंज पुलिया के पास उन्हें धक्का देकर फरार हो गए।
पुलिस की कार्रवाई और खुलासा
शिकायत मिलने के बाद थाना हरीपर्वत पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम गठित की। जांच के दौरान मुखबिरों की सूचना और तकनीकी सर्विलांस के आधार पर शुक्रवार रात पुलिस ने ‘गोल्ड मोहल्ला फैक्ट्री नाला’ के पास से तीन बदमाशों को दबोच लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरमान उर्फ अड्डा, शानू और करन दिवाकर के रूप में हुई है।
पूछताछ में बदमाशों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि वे अपने फरार साथी अल्ताफ (निवासी रामगढ़, फिरोजाबाद) के साथ मिलकर राहगीरों को निशाना बनाते थे। सुनसान जगह पहुँचते ही वे चाकू के बल पर यात्रियों को धमकाते, उनका कैश और मोबाइल छीन लेते थे। लूटे गए मोबाइल फोन वे राहगीरों को औने-पौने दामों पर बेच देते थे, जबकि नकदी आपस में बाँट लेते थे।
पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के एक अन्य सदस्य अल्ताफ की तलाश में छापेमारी की जा रही है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से शहर के अन्य ऑटो यात्रियों ने राहत की सांस ली है, वहीं पुलिस ने लोगों को भी सार्वजनिक वाहनों में यात्रा करते समय सतर्क रहने की सलाह दी है।
- साइबर ठगी का नया पैंतरा: वॉट्सएप पर फर्जी बैंकिंग ट्रांजैक्शन मैसेज भेजकर डरा रहे अपराधी, YES/NO’ वाले संदेशों से रहें पूरी तरह सावधान - September 24, 2026
- रायबरेली से अखिलेश यादव का मिशन-2027 का शंखनाद: पीडीए रथयात्रा के आगाज के साथ भाजपा सरकार पर बोला तीखा हमला, कहा- गठबंधन के साथ लड़ेंगे यूपी का चुनाव - September 24, 2026
- आगरा विकास प्राधिकरण का सख्त रुख: नवागत उपाध्यक्ष ने ग्रेटर आगरा और अटलपुरम टाउनशिप का किया औचक निरीक्षण, धीमे काम पर जताई नाराजगी - September 24, 2026