प्रयागराज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को प्रयागराज में एक महत्वपूर्ण प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार को चौतरफा घेरा। पेपर लीक कांड से लेकर राम मंदिर चढ़ावा विवाद तक, अखिलेश ने भाजपा पर गंभीर भ्रष्टाचार और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने का आरोप लगाया।
पेपर लीक और युवाओं का भविष्य
अखिलेश यादव ने प्रयागराज की धरती से बेरोजगार युवाओं और छात्रों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जब तक भाजपाई सत्ता का दुरुपयोग कर सांसद-विधायकों की खरीद-फरोख्त करते रहेंगे, तब तक पेपर लीक जैसे घोटाले होते रहेंगे। उन्होंने युवाओं को आश्वासन दिया कि यदि भविष्य में उनकी सरकार बनती है, तो उन छात्रों को सरकारी भर्ती परीक्षाओं में न्यूनतम 3 वर्षों की आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी, जिनकी उम्र भाजपा सरकार के कार्यकाल में निकल गई है।
राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर तंज
राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मामले में सपा अध्यक्ष ने शायराना और व्यंग्यात्मक अंदाज में भाजपा को कठघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा, “चोर-चोर सौतेले भाई, जिन्होंने चुराई राम की पाई। अब जनता भाजपाइयों को देखकर कह रही है- देखो जा रहा वो भाजपाई, जिसने खाई राम की पाई।” उन्होंने कहा कि राम धन (चढ़ावे) में हुई चोरी का हिसाब अब जनता मांग रही है। अखिलेश ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा के लिए देशहित (NATION FIRST) से बढ़कर चंदा-उगाही (DONATION FIRST) है।
’ऑर्गनाइज्ड घोटाला’ और बीजेपी पर प्रहार
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर संविधान के तहत मिले हक और सम्मान में ‘ऑर्गनाइज्ड घोटाला’ करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “समाजवादी लोग सनातन धर्म की रक्षा चाहते हैं, लेकिन सनातन की आड़ में चल रहे गोरख धंधे का विरोध करते हैं। भाजपा के शब्दकोश में न धर्म है और न ही शर्म।” उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जो लोग दूसरों पर चोरी के इल्जाम लगाते थे, आज उनकी अपनी ‘सच्ची चोरी’ जनता के सामने आ गई है।
कर्नाटक-महाराष्ट्र कनेक्शन का दावा
प्रयागराज से अखिलेश ने एक बड़ा सनसनीखेज दावा किया कि अयोध्या चढ़ावा चोरी के तार कर्नाटक और महाराष्ट्र से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग चुनावी प्रचार के लिए ठेके पर नकली वोटर और प्रचारक भेजते थे, अब उनका भंडाफोड़ हो चुका है। उन्होंने चेतावनी दी कि अब उत्तर प्रदेश में इन बाहरी साथियों का ‘काला-राज’ नहीं चलेगा।
अखिलेश यादव के इस आक्रामक रुख ने स्पष्ट कर दिया है कि आगामी चुनावों में पेपर लीक और कथित भ्रष्टाचार के मुद्दे को सपा पूरी ताकत के साथ जनता के बीच ले जाएगी। उन्होंने दावा किया कि अब न तो भाजपा को चंदा मिलेगा, न दान और न ही जनता का वोट।
- 12,100 कविताओं का एक ही दिन में प्रकाशन: डॉ. शंकर घनश्यामदास अंदानी ने रचा साहित्य में नया इतिहास - June 29, 2026
- चोर-चोर सौतेले भाई, जिन्होंने चुराई राम की पाई… राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर अखिलेश यादव के तीखे बोल - June 29, 2026
- गोरखपुर सांसद रवि किशन की दो टूक: “जो समाज के लिए खतरा बनेगा, उसका एनकाउंटर तय है, योगी सरकार अपराधियों को नहीं बख्शेगी” - June 29, 2026