गोरखपुर। गोरखपुर लोकसभा सीट से भाजपा सांसद और अभिनेता रवि किशन ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए प्रदेश में कानून-व्यवस्था और एनकाउंटर पर जारी राजनीति को गैर-जरूरी करार दिया है। रविवार को गोरखपुर में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष को अपराधियों के बचाव के बजाय विकास और जनहित के मुद्दों पर राजनीति करनी चाहिए।
अपराधियों के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’
सांसद रवि किशन ने स्पष्ट किया कि उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर दृढ़ता से काम कर रही है। उन्होंने कहा, “जो भी अपराधी पुलिस पर गोली चलाएगा, समाज में भय पैदा करेगा या गरीब-कमजोर वर्ग पर अत्याचार करेगा, उसके खिलाफ कानून के तहत सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। योगी सरकार अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शने वाली नहीं है।”
एनकाउंटर पर क्या बोले रवि किशन?
एनकाउंटर से जुड़े सवालों पर रवि किशन ने दो टूक जवाब देते हुए कहा कि किसी भी निर्दोष या सभ्य व्यक्ति का एनकाउंटर नहीं हुआ है। उन्होंने कहा, “जिन लोगों के खिलाफ दर्जनों आपराधिक मुकदमे दर्ज थे, जो समाज में आतंक का पर्याय बन चुके थे और पुलिस बल को चुनौती दे रहे थे, उन्हीं के खिलाफ कानून ने अपना काम किया है। जो व्यक्ति समाज के लिए खतरा बनेगा, उसका एनकाउंटर होना स्वाभाविक है।”
”राजनीतिक बहस विकास पर हो”
सांसद ने विपक्ष को घेरते हुए कहा कि चुनाव नजदीक आते ही विरोधी दल ऐसे मुद्दे उठाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि प्रदेश की जनता विकास की हकीकत को जानती है। उन्होंने कहा, “कभी उत्तर प्रदेश को ‘बीमारू राज्य’ कहा जाता था, लेकिन आज योगी सरकार के नेतृत्व में वही प्रदेश एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की ओर अग्रसर है।”
रवि किशन ने उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, बेहतर सड़कों और निर्वाध बिजली की सुविधा का विस्तार हुआ है। उन्होंने अखिलेश यादव को सलाह दी कि वे अपराधियों के एनकाउंटर जैसे मुद्दों पर राजनीति करने के बजाय इन विकास कार्यों और जनहित के मुद्दों पर बहस करें।
कानून का राज स्थापित करना प्राथमिकता
सांसद रवि किशन ने अंत में कहा कि प्रदेश सरकार की पहली प्राथमिकता राज्य में कानून का राज स्थापित करना और हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। उन्होंने दोहराया कि योगी सरकार की सख्ती का ही परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश में आम जनमानस बिना किसी भय के रह रहा है और सरकार की यह कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।
- आगरा में मुकुट की आरती के साथ भव्य रूप से शुरू हुआ 136वां श्री मुकुट महोत्सव: 50 मनोहारी झांकियों और नासिक ढोल की गूंज से भक्तिमय हुआ शहर - September 26, 2026
- यूपी में भारी बारिश का दौर जारी: राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा प्रशासन, नेपाल से सटे जिलों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश - September 26, 2026
- यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की सुगबुगाहट तेज: पीएम मोदी से मिले सीएम योगी, सियासी अटकलें और कयासों का बाजार गर्म - September 26, 2026