लखनऊ। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की रकम के गबन का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। आरोपों के अनुसार, मंदिर में आए नकद चढ़ावे के साथ-साथ सोने-चांदी के सामान भी गायब हैं। इस मामले की जांच के लिए एसआईटी (SIT) का गठन किया गया है, लेकिन विपक्षी दल इस जांच की निष्पक्षता पर लगातार सवाल उठा रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
अखिलेश यादव का सोशल मीडिया पर बड़ा प्रहार
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने लिखा, “अयोध्या का भंडाफोड़ अधर्मियों के ‘शताब्दी समारोह’ को ‘समाप्ति समारोह’ बना देगा।”
इससे पूर्व, अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरे पर भी निशाना साधा था। उन्होंने अपने पोस्ट में पूछा था, “आज के भाषण में बयान कम, धमकी अधिक क्यों थी? आज का कार्यक्रम अचानक बना था या जिस दिन SIT बनी थी, उस दिन? सूत्र ये क्यों कह रहे हैं कि स्थानीय भाजपाई विधायकों और पदाधिकारियों के कहने पर ये कार्यक्रम अचानक तय किया गया, जिससे कि भाजपा की राजनीति ज़मीन बचाई जा सके, नहीं तो अयोध्या मंडल ही नहीं, पूरे उप्र में भाजपा का सूपड़ा साफ़ होना तय है।”
SIT की विश्वसनीयता और मुख्यमंत्री के दौरे पर उठाए सवाल
सपा अध्यक्ष ने जांच प्रक्रिया को लेकर भी अपनी चिंताएं जाहिर कीं। उन्होंने लिखा, “भौतिक रूप से भ्रमण कर, उस SIT के काम को प्रभावित करने की कोशिश न की जाए, जो पहले से ही विवादास्पद सदस्यों और कलंकित छवि के कारण शंकाओं के घेरे में है। आज वहाँ चेहरा उतरा हुआ क्यों था? आवाज़ को तो जानबूझकर ऊँची करने का प्रयास पूरा था लेकिन आत्मविश्वास शून्य क्यों था? इस बार अपने ख़ास लोगों से मिले क्यों नहीं?”
’सोने और चांदी का भी हिसाब देना होगा’
अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि जांच का दायरा केवल नकद चढ़ावे तक सीमित नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, “जनता कह रही है ‘दूध का दूध, पानी का पानी’ नहीं, ‘सोने का सोना, चाँदी की चाँदी’ करें। चढ़ाए गये पैसों, अनमोल शिलाओं के अलावा बहुमूल्य धातुओं और जेवरों का भी हिसाब देना ही पड़ेगा।”
विपक्ष की ओर से उठ रहे इन सवालों और आरोपों के बीच मामले में राजनीति तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें एसआईटी की जांच पर टिकी हैं कि क्या जांच टीम इन आरोपों का संतोषजनक उत्तर दे पाएगी।
- प्राकृतिक खेती ही खुशहाली की असली कुंजी: कृषि कार्यशाला में बोले कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी - June 20, 2026
- आगरा में लगेगा स्वास्थ्य का महाकुंभ: लायंस क्लब फ़्रेंड्स महान 21 जून को करेगा विशाल निःशुल्क शिविर का आयोजन - June 20, 2026
- अयोध्या मंदिर विवाद: एसआईटी जांच के बीच नृपेंद्र मिश्रा ने माना- ‘निगरानी की व्यवस्था शून्य थी, चंपत राय की निष्ठा पर शक नहीं पर व्यवस्था फेल रही’ - June 20, 2026