लखनऊ: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। हाल ही में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर करारा प्रहार किया है।
’बंगाल-बिहार की जीत से सपा में घबराहट’
डिप्टी सीएम केशव मौर्य ने अपने पोस्ट में पड़ोसी राज्यों के चुनावी परिणामों का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव की रणनीति पर सवाल खड़े किए। उन्होंने लिखा कि पश्चिम बंगाल और बिहार में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक जीत ने सपा नेतृत्व की चिंताएं बढ़ा दी हैं। केशव मौर्य ने कटाक्ष करते हुए कहा, “अखिलेश यादव इतने निराश और हताश हो चुके हैं कि उन्हें अब अपनी ‘जेबी’ सपा का भविष्य अंधकारमय नजर आ रहा है।”
’धमकी के मोड में अखिलेश’
केशव मौर्य ने आगे कहा कि अवसाद (डिप्रेशन) की स्थिति में अखिलेश यादव अक्सर गैर-जिम्मेदाराना बयान देते हैं और धमकी भरे लहजे में बात करने लगते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत में लोकतंत्र संविधान के अनुसार चलता है, न कि किसी दल विशेष की इच्छा से। जनता ही असली निर्णायक है और 2047 के ‘विकसित भारत’ के संकल्प के साथ भाजपा का विजय अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने सपा को ‘नकारात्मकता और हताशा की राजनीति’ करने वाली पार्टी करार दिया।
चुनाव की तैयारियों में जुटे दल
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर कयासबाजी का दौर शुरू हो गया है। हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी तक चुनाव आयोग की ओर से तारीखों का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि साल के अंत तक प्रदेश में चुनाव कराए जा सकते हैं। इस संभावित स्थिति को देखते हुए भाजपा और समाजवादी पार्टी समेत तमाम राजनीतिक दलों ने अपनी कमर कस ली है और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया जा रहा है।
केशव मौर्य का यह बयान सपा पर दबाव बनाने की भाजपा की रणनीति का एक हिस्सा माना जा रहा है, ताकि चुनावों से ठीक पहले जनता के बीच यह संदेश दिया जा सके कि सपा हताश है और भाजपा का जनाधार लगातार बढ़ रहा है।
- आगरा एमएलसी चुनाव: नामांकन के अंतिम दौर में मंडलायुक्त कार्यालय पर उमड़ी भीड़, तांगे और ई-रिक्शा पर सवार होकर पहुंचे प्रत्याशी - October 5, 2026
- आगरा में सनसनी: ट्रांस यमुना के कांशीराम आवास की झाड़ियों में मिली एक्सपायरी दवाओं की भारी खेप, औषधि विभाग और पुलिस जांच में जुटी - October 5, 2026
- आगरा में पति-पत्नी के विवाद के दौरान छत से गिरकर महिला की संदिग्ध मौत, मायके पक्ष ने लगाया धक्का देने का आरोप - October 5, 2026