मेट्रो निर्माण में देरी से प्रभावित व्यापार: आगरा के व्यापारियों को मिली राहत की उम्मीद, जल्द खत्म होगा पाइलिंग का काम

स्थानीय समाचार

आगरा: आगरा में निर्माणाधीन मेट्रो परियोजना के अंतर्गत प्रतापपुरा क्षेत्र में कार्य की कछुआ चाल से परेशान व्यापारियों और आम नागरिकों की समस्या को लेकर ‘चैंबर ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स’ ने कड़ा रुख अपनाया है। चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (UPMRC) के परियोजना निदेशक अरविंद कुमार राय से उनके कार्यालय में मुलाकात कर इस समस्या को प्रमुखता से उठाया।

​क्या है समस्या?

​चैंबर के अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल ने बताया कि प्रतापपुरा जैसे अत्यंत व्यस्त इलाके में पिछले चार माह से मेट्रो निर्माण कार्य चल रहा है, लेकिन कार्य की अत्यंत धीमी गति के कारण स्थिति विकट हो गई है।

उन्होंने बताया कि इस निर्माण कार्य के चलते यातायात का संकट बना हुआ है क्षेत्र में प्रतिदिन जाम की स्थिति बन रही है, जिससे नागरिकों का कीमती समय और ईंधन दोनों बर्बाद हो रहे हैं। निर्माण कार्य में देरी के कारण स्थानीय व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ है, जिससे दुकानदारों को भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। साथ ही चिन्ता जताई कि बरसात का मौसम नजदीक है, ऐसे में खुदाई और कार्य में देरी के कारण जलभराव और धूल-मिट्टी की समस्या आम लोगों के लिए स्वास्थ्य और आवागमन का बड़ा संकट खड़ी कर सकती है।

मेट्रो प्रबंधन से की त्वरित कार्रवाई की मांग

​प्रतिनिधिमंडल ने परियोजना निदेशक के समक्ष जोर देकर कहा कि प्रतापपुरा क्षेत्र की संवेदनशीलता को देखते हुए मेट्रो निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी जाए। चैंबर ने मांग की कि काम की गति बढ़ाने के लिए दिन और रात दोनों पालियों (shifts) में काम कराया जाए ताकि जनता को जल्द से जल्द इस असहज स्थिति से राहत मिल सके।

​परियोजना निदेशक का आश्वासन

​चैंबर के पूर्व अध्यक्ष सीताराम अग्रवाल द्वारा आगामी माह में सदस्यों के साथ विशेष बैठक करने के अनुरोध पर परियोजना निदेशक अरविंद कुमार राय ने सहमति जताई। साथ ही, प्रतापपुरा क्षेत्र की स्थिति पर उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रतापपुरा क्षेत्र में चल रहा वर्तमान पाइलिंग कार्य अगले एक सप्ताह के भीतर हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा। आगरा कॉलेज से आगरा कैंट तक के मेट्रो रूट के कार्यों को भी तेजी से पूरा करने की प्रतिबद्धता दोहराई गई।

​बैठक में इनकी रही उपस्थिति:

इस प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष मनोज कुमार बंसल के साथ-साथ पूर्व अध्यक्ष के.के. पालीवाल, सीताराम अग्रवाल और संजय अग्रवाल शामिल रहे। चैंबर ने स्पष्ट किया है कि वे निर्माण कार्यों की प्रगति पर अपनी नजर बनाए रखेंगे ताकि जनता को और अधिक परेशानी न हो।

Dr. Bhanu Pratap Singh