नई दिल्ली। अंकिता भंडारी हत्याकांड में न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे उनके माता-पिता को पुलिस ने गुरुवार सुबह इंडिया गेट से करीब 3:45 बजे हिरासत में ले लिया। करीब दो घंटे बाद उन्हें रिहा कर दिया गया। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा और अन्य कार्यकताओं को भी यहीं से हिरासत में लिया गया है। दिल्ली पुलिस ने सीआरपीएफ के साथ मिलकर यह कार्रवाई की। सभी प्रदर्शनकारियों को तिलक मार्ग पुलिस स्टेशन में रखा गया है।
अंकिता उत्तराखंड के एक होटल में रिसेप्शनिस्ट थी। साल 2022 में एक वीआईपी को विशेष सेवाएं देने से इनकार के बाद उसकी हत्या कर दी गई थी। संबंधित वीआईपी की पहचान सार्वजनिक नहीं है। अंकिता का परिवार इस मामले में लगातार दुष्यंत कुमार गौतम की भूमिका पर सवाल उठाता रहा है। दुष्यंत गौतम को हाल ही में सिक्किम का राज्यपाल बनाया गया है। अंकिता का परिवार इसी के विरोध में इंडिया गेट पर भरने पर बैठा है। बुधवार को राहुल गांधी और प्रियंका भी अंकिता के परिवार के समर्थन में धरने पर पहुंचे थे।
दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने पर अंकिता भंडारी के पिता ने कहा अगर मेरी बेटी को इंसाफ नहीं मिला, तो पूरे देश में प्रदर्शन होंगे। हमारी सबसे पहली मांग है कि दुष्यंत गौतम की नियुक्ति रद्द की जाए। और अगर नियुक्ति रद्द नहीं की गई, तो हमें एक बार फिर पूरे देश में सड़कों पर उतरना होगा, और मेरी बेटी को इंसाफ मिलना ही चाहिए।
क्या बोले राहुल गांधी
इस पूरी कार्रवाई पर कड़ा ऐतराज जताते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा, “सुबह के 4 बजे, जब पूरा देश सो रहा था, तब अपनी बेटी के लिए न्याय मांग रहे अंकिता भंडारी के माता-पिता को जबरन हिरासत में ले लिया गया। आखिर उनका कसूर क्या था? वे भारी मन से बिना किसी हंगामे के इंडिया गेट पर पूरी तरह शांतिपूर्ण तरीके से बैठे थे। उनकी केवल एक ही तर्कसंगत मांग थी कि जब तक इस मामले की सीबीआई जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल न बनाया जाए।”
- अंकिता भंडारी मर्डर केस: दुष्यंत गौतम को राज्यपाल बनाने का विरोध, धरने पर बैठे माता पिता को तड़के हिरासत में लिया, 2 घंटे बाद छोड़ा - October 15, 2026
- गोस्वामी तुलसीदास की रामचरितमानस की 52 घंटे की संगीतमय प्रस्तुति: गायिका मधुश्री और संगीतकार रॉबी बादल की अनूठी पहल का टीजर लॉन्च - October 15, 2026
- डिजिटल ठगी से लेकर एआई के खतरनाक खेल तक: फिल्मों और वेब सीरीज के जरिए पर्दे पर बेनकाब हो रही तकनीक की काली दुनिया - October 15, 2026