आगरा किला बनेगा ऐतिहासिक गौरव का साक्षी: महाराजा सूरजमल का ‘विजय दिवस’ 12 जून को, जहांगीर महल में सजेगा भव्य सांस्कृतिक मंच

स्थानीय समाचार

आगरा: भरतपुर नरेश महाराजा सूरजमल के अदम्य शौर्य, पराक्रम और आगरा विजय को अमर बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार एक भव्य ‘विजय दिवस’ समारोह का आयोजन करने जा रही है। यह ऐतिहासिक कार्यक्रम आगामी 12 जून को आगरा किला परिसर स्थित जहांगीर महल में संपन्न होगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विशेष दिशा-निर्देशों पर आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को महाराजा सूरजमल की राष्ट्ररक्षा में दी गई महान कुर्बानियों और उनकी सामरिक रणनीति से रूबरू कराना है।

​सर्किट हाउस में हुआ औपचारिक ऐलान

बुधवार को आगरा के सर्किट हाउस में प्रगतिशील जाट महासभा द्वारा एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें कार्यक्रम की रूपरेखा और तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान समारोह के आमंत्रण पत्र का विधिवत विमोचन भी किया गया।

​प्रेस वार्ता में मुख्य अतिथि के रूप में आगरा छावनी के विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश और भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता उपस्थित रहे। विधायक डॉ. धर्मेश ने कहा कि महाराजा सूरजमल का इतिहास भारतीय पराक्रम का स्वर्णिम अध्याय है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रदेश की महान विभूतियों के गौरवशाली इतिहास को जन-जन तक पहुंचाने और उसे उचित सम्मान दिलाने के लिए कृतसंकल्पित है।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सजीव होगी वीरता

​प्रगतिशील जाट महासभा भारत के अध्यक्ष पुरषोत्तम फौजदार ने बताया कि इस भव्य आयोजन में प्रदेश के पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह सहित सरकार के कई वरिष्ठ मंत्री, विधायक और जनप्रतिनिधि शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम का सबसे मुख्य आकर्षण लखनऊ से आने वाले कलाकारों द्वारा किया जाने वाला सांस्कृतिक मंचन होगा। कलाकार अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से महाराजा सूरजमल के साहस, नेतृत्व क्षमता और आगरा किले पर उनकी ऐतिहासिक विजय को सजीव रूप देंगे।

​’समाज के प्रेरणास्रोत हैं महाराजा सूरजमल’

भाजपा महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि महापुरुष किसी जाति या वर्ग विशेष के नहीं होते, बल्कि वे पूरे राष्ट्र की थाती होते हैं। उन्होंने आगरा सहित पूरे ब्रज क्षेत्र के निवासियों से आह्वान किया कि वे 12 जून को भारी संख्या में आगरा किला पहुंचकर इस वीरगाथा के साक्षी बनें।

​महासभा और जनप्रतिनिधियों की व्यापक अपील

अखिल भारतीय जाट महासभा के जिलाध्यक्ष कप्तान सिंह चाहर, प्रदेश मंत्री मानसिंह प्रमुख, राधेश्याम मुखिया, मंडल अध्यक्ष मेघराज सोलंकी सहित महासभा के दर्जनों पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से ब्रज क्षेत्र के इतिहास प्रेमियों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक संगठनों से अपील की है कि वे इस ऐतिहासिक आयोजन को सफल बनाएं।

​कार्यक्रम में इनकी रही विशेष उपस्थिति:

आयोजन को भव्य बनाने की तैयारियों में जुटे पदाधिकारियों में यादराम सिंह वर्मा, प्रताप सिंह चाहर, उदयवीर सिंह चाहर, भाजपा महानगर महामंत्री महेश शर्मा, मनमोहन कुशवाह, रोहित कत्याल, मोहन सिंह सोलंकी, संजय खिरवार, राजेंद्र सिंह चाहर, शिव कुमार जुरैल, महेश चाहर, राजेंद्र चौधरी, बजरंगी चौधरी, टोनी पचौरा, कृपाल सिंह, नवल सिंह फौजदार, भारत सिंह चाहर, गोल्डी भगौर आदि प्रमुख रहे।

​आयोजकों ने विश्वास व्यक्त किया है कि महाराजा सूरजमल विजय दिवस को लेकर आगरा और आसपास के जिलों में जबरदस्त उत्साह है, और यह आयोजन इतिहास के पन्नों में एक गौरवशाली अध्याय के रूप में दर्ज होगा।

Dr. Bhanu Pratap Singh