​श्री प्रेमनिधि मंदिर में भक्तिमय हुआ दशहरा: श्री श्याम बिहारी जी का हुआ भव्य श्रृंगार, विशेष राजभोग के साथ मनाया गया मनोरथ

RELIGION/ CULTURE

​आगरा: कटरा हाथी शाह स्थित प्राचीन श्री प्रेमनिधि मंदिर में पुरुषोत्तम मास (अधिकमास) के उपलक्ष्य में चल रहे मनोरथ महोत्सव के 25वें दिन बुधवार को ‘दशहरा मनोरथ’ का भव्य आयोजन किया गया। पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुरूप मनाए गए इस उत्सव में ठाकुर श्री श्याम बिहारी जी (बड़े गोविंद) के दिव्य दर्शन के लिए भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं​।

धर्म और सत्य की विजय का प्रतीक

मुख्य सेवाधिकारी हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि पुरुषोत्तम मास में वर्ष भर के प्रमुख उत्सवों को मनोरथ स्वरूप मनाकर प्रभु को सुख प्रदान किया जाता है। दशहरा मनोरथ असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का उद्घोष है। इस दिन प्रभु को विजय के प्रतीक स्वरूप धनुष-बाण अर्पित किए गए। ठाकुर जी को सुनहरी जरी से बनी विशेष काछनी और आकर्षक अलंकारों से सजाया गया, जिन्होंने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

​विशेष भोग और कीर्तन का आयोजन

उत्सव के दौरान मंदिर में पूरे दिन भक्तिपूर्ण माहौल रहा। पुष्टिमार्गीय परंपरा के तहत ठाकुर जी को राजभोग में विशेष रूप से जलेबी, समेजा और विभिन्न प्रकार के मिष्ठान्न अर्पित किए गए। मंदिर के भीतर उत्सव से संबंधित पारंपरिक कीर्तन और पदों का गायन हुआ, जिससे पूरा वातावरण भक्ति रस में सराबोर हो गया।

​महोत्सव की निरंतरता

मंदिर प्रशासक दिनेश पचौरी ने जानकारी दी कि 17 मई से शुरू हुआ यह मनोरथ महोत्सव 15 जून तक जारी रहेगा। मंदिर प्रबंधन ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पेयजल, शीतल जल और सुगम दर्शन के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। दशहरा मनोरथ के मुख्य चरण सेवक अनुराग गर्ग (अन्नू भाई) और संतोष मित्तल (बल्लू भाई) रहे।

इस आयोजन में दीपक गर्ग, प्रभात गर्ग, केशव मित्तल, सागर शिवहरे, सचेंद्र शर्मा और आयुष उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh