आगरा: कटरा हाथी शाह स्थित श्री प्रेमानिधि मंदिर में श्री पुरुषोत्तम (अधिकमास) मनोरथ उत्सव के 17वें दिन मंगलवार को ‘छठी उत्सव’ पूरी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया गया। पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार, इस विशेष अवसर पर ठाकुर श्री श्याम बिहारी (श्री बड़े गोविन्द) जी महाराज को बालस्वरूप में अलंकृत किया गया।
बाल-लीलाओं के दर्शन से गूंजा मंदिर
मंदिर परिसर को अत्यंत भव्य और आकर्षक ढंग से सजाया गया था। सुबह से ही बाल-कृष्ण के दर्शन के लिए भक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। ठाकुर जी को विविध प्रकार के मिष्ठान्न और बालभोग अर्पित किए गए। मुख्य सेवाधारी हरिमोहन गोस्वामी ने बताया कि ‘छठी उत्सव’ पुष्टिमार्ग में वात्सल्य भाव का एक अनूठा मनोरथ है, जिसमें भगवान के बाल्यकाल की मधुर लीलाओं को स्मरण किया जाता है।
छठी मैया का पूजन और महाप्रसाद
सेवा अधिकारी सुनीत गोस्वामी के अनुसार, प्रभु का विशेष श्रृंगार कर उन्हें बालस्वरूप में विराजमान किया गया, जो भक्तों के आकर्षण का केंद्र रहा। मंदिर प्रशासक दिनेश पचौरी ने बताया कि इस विशेष पर्व पर श्रद्धालु महिलाओं ने छठी मैया का विधिवत पूजन किया। कार्यक्रम के अंत में प्रभु की महाआरती की गई और भक्तों के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया।
इस आध्यात्मिक आयोजन में सुरेश चंद गोयल, मनीष गोयल, मोहित अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल और सरदार सिंह धाकड़ सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य भक्त और श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरे मंदिर परिसर में कृष्ण भजनों और जयकारों से भक्तिपूर्ण वातावरण बना रहा।
- गणेश महोत्सव का दूसरा दिन: स्वर्ण मुकुट, कुंडल और लाल वस्त्रों में सजे महागणपति के दिव्य स्वरूप ने मोहा भक्तों का मन - September 15, 2026
- आगरा के जनकपुरी महोत्सव को मिला 12 करोड़ का ऐतिहासिक विकास बजट, महापौर हेमलता दिवाकर ने क्षेत्र में विभिन्न कार्यों का किया उद्घाटन - September 15, 2026
- 3,400 करोड़ के मालिक बीजेपी विधायक बने ‘भिखारी’: सड़क पर उतरकर मांगी भीख, वजह जानकर रह जाएंगे हैरान - September 15, 2026