आगरा में भक्ति की बयार: 31 मई से बल्केश्वर में आचार्य इंद्रेश उपाध्याय की श्रीमद्भागवत कथा, ‘जनकपुरी’ की तरह सजेगा कथा स्थल

PRESS RELEASE

आगरा। बल्केश्वर पार्क में 31 मई से 6 जून तक आध्यात्मिक आनंद का महाकुंभ सजने जा रहा है। विख्यात कथा व्यास आचार्य इंद्रेश उपाध्याय जी के मुखारविंद से भक्त श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करेंगे। आयोजन को लेकर भक्तों में भारी उत्साह है और बल्केश्वर क्षेत्र को किसी बड़े उत्सव की तरह सजाया जा रहा है।

जनकपुरी जैसी सजावट, शीतल फुहारों के बीच कथा

श्री बल्केश्वर महादेव भक्त मंडल द्वारा आयोजित इस विशाल कथा के लिए बल्केश्वर पार्क में एक भव्य और आकर्षक पंडाल तैयार किया जा रहा है। मुख्य यजमान हरीश अग्रवाल (जुगनू) ने बताया कि आयोजन को ‘जनकपुरी’ की तर्ज पर सजाया जा रहा है।

भक्तों के लिए पंडाल में विशेष शीतल फुहारों की व्यवस्था की गई है, ताकि भीषण गर्मी में भी वे सुकून से कथा सुन सकें। इसके अलावा, बल्केश्वर महादेव मंदिर से लेकर मुख्य मार्ग तक विशेष विद्युत सज्जा और अत्याधुनिक साउंड सिस्टम लगाए जा रहे हैं।

संतों का सानिध्य और भव्य कलश यात्रा

महंत कपिल नागर ने जानकारी दी कि कथा के दौरान देश के शीर्ष संत-महात्माओं का आगमन होगा। इनमें पूज्य कार्ष्णि गुरु शरणानंद जी महाराज और पूज्य अनिरुद्धाचार्य जी महाराज के शुभागमन की संभावना है।

31 मई की सुबह बल्केश्वर महादेव मंदिर से एक भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी, जो बल्केश्वर पार्क पहुंचेगी। 29 मई को मेहंदी और 30 मई को कलश सज्जा का कार्यक्रम संपन्न होगा।

​कथा के मुख्य प्रसंग

आचार्य इंद्रेश उपाध्याय जी द्वारा कथा का वाचन शाम 4 बजे से किया जाएगा। कथा के प्रमुख पड़ाव इस प्रकार रहेंगे:

​31 मई: भागवत महात्म्य।
​1 जून: सती चरित्र, ध्रुव कथा एवं कर्दम-देवाहुति प्रसंग।
​2 जून: नरसिंह व वामन अवतार।
​3 जून: श्रीराम जन्मोत्सव एवं श्रीकृष्ण जन्मोत्सव।
​4 जून: बाल लीला एवं श्री गोवर्धन पूजा।
​5 जून: राम पंचाध्याय एवं रुक्मिणी विवाह।
​6 जून: सुदामा चरित्र, उद्धव संवाद एवं कथा का विश्राम।

​युवाओं के प्रेरणास्रोत हैं आचार्य इंद्रेश

​आचार्य इंद्रेश उपाध्याय ‘भक्ति-पथ’ संस्था के संस्थापक और प्रख्यात कथा वाचक श्री कृष्ण चंद्र शास्त्री (ठाकुर जी) के सुपुत्र हैं। उनके प्रवचन केवल धार्मिक ज्ञान ही नहीं, बल्कि मानवता और जीवन जीने की कला की प्रेरणा भी प्रदान करते हैं।

​प्रेस वार्ता में गौरी शंकर अग्रवाल, आशीष गुप्ता, पार्षद मुरारीलाल गोयल, पदम अग्रवाल सहित मंडल के कई प्रमुख सदस्य उपस्थित रहे, जिन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी से सहयोग की अपील की।

Dr. Bhanu Pratap Singh