आगरा: ताजनगरी के पर्यटन मानचित्र पर एक नया मील का पत्थर साबित होने वाले ‘यूनिटी मॉल’ के निर्माण कार्यों की समीक्षा करने के लिए मण्डलायुक्त नगेन्द्र प्रताप ने सोमवार को शिल्पग्राम परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान निर्माण की धीमी गति को देखकर आयुक्त महोदय ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था के प्रति कड़ी नाराजगी व्यक्त की।
₹128 करोड़ की भव्य परियोजना: क्या है खास?
यूनिटी मॉल का निर्माण लगभग 11.53 एकड़ भूमि पर प्रस्तावित है, जिसमें फिलहाल 5.50 एकड़ पर काम चल रहा है। इस परियोजना की कुल लागत लगभग 128 करोड़ रुपये है। इसमें बेसमेंट सहित 4 मंजिला इमारत बनाई जाएगी।
मॉल परिसर में विशाल पार्किंग, लैंडस्केप, एसटीपी (STP), ई-चार्जिंग स्टेशन, चिल्ड्रन प्ले एक्टिविटी और आधुनिक पाथवे जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। इस परियोजना का कार्य 15 मई 2025 को शुरू हुआ था और इसे नवंबर 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
धीमी प्रगति पर आयुक्त की फटकार
निरीक्षण के दौरान साइट पर केवल बेसमेंट का कार्य चलता देख मण्डलायुक्त ने कार्य की गति पर असंतोष जताया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में निर्देश दिए कि परियोजना को निर्धारित समय सीमा के भीतर ही गुणवत्ता के साथ पूर्ण किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों को मैनपावर बढ़ाकर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
जमीन हस्तांतरण और पार्किंग का मुद्दा
कार्यदायी विभाग द्वारा शिल्पग्राम की शेष 6 एकड़ भूमि को भी हैंडओवर करने की मांग की गई, जिस पर वर्तमान में पार्किंग संचालित है।
मण्डलायुक्त ने मौके पर मौजूद पर्यटन विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शेष भूमि तत्काल उपलब्ध कराएं। पार्किंग की सुविधा को अन्यत्र स्थानांतरित करने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने को कहा गया है ताकि निर्माण कार्य में कोई बाधा न आए।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त आयुक्त उद्योग अनुज कुमार, पीडब्लूडी अधिशासी अभियंता मनीष कुमार, सहायक अभियंता किशोर कुमार, पर्यटन विभाग के मैनेजर रविकान्त गुप्ता और परियोजना प्रबन्धक कान्ता प्रसाद शर्मा सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
- ‘बीजेपी लाख षड्यंत्र कर ले, गठबंधन को छू भी नहीं सकती…’: ‘200 सीट’ वाले पोस्टर पर यूपी कांग्रेस प्रभारी का करारा जवाब” - October 25, 2026
- कांग्रेस के ‘200 सीट हक’ वाले पोस्टर पर अखिलेश यादव का पलटवार, बोले- ”गठबंधन से बीजेपी के पेट में हुआ दर्द, डर के मारे लगवा रही नकली पोस्टर” - October 25, 2026
- सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे की अटकलों के बीच होर्डिंग वार: अब “200 सीट हक है हमारा… यूपी को है राहुल गांधी पर भरोसा” के लगे पोस्टर - October 25, 2026