आगरा: ताजनगरी के थाना एकता क्षेत्र में सोमवार को एक स्कूली छात्रा की सूझबूझ और बहादुरी ने एक बड़ी अनहोनी को टाल दिया। स्कूल से घर लौट रही 12 वर्षीय छात्रा ने एक मनचले ऑटो चालक की छेड़छाड़ और आपत्तिजनक हरकतों से बचने के लिए अपनी जान की परवाह न करते हुए चलते ऑटो से छलांग लगा दी। केला कोल्ड स्टोर के पास हुई इस घटना ने शहर में स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
क्या है पूरा मामला?
गुरु लक्ष्मी नगर (तोरा) की रहने वाली 12 साल की छात्रा रोज की तरह स्कूल से घर लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में ऑटो चालक ने छात्रा के साथ अश्लील बातें शुरू कर दीं और उसके साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया। मासूम बच्ची ने जब चालक की नीयत में खोट देखी, तो वह घबराने के बजाय सतर्क हो गई।
सूझबूझ: चलते ऑटो से कूदी छात्रा
जैसे ही ऑटो केला कोल्ड स्टोर के पास पहुंचा और चालक की हरकतें बढ़ने लगीं, छात्रा ने अपनी अस्मिता बचाने के लिए चलते ऑटो से नीचे छलांग लगा दी। अचानक बच्ची को सड़क पर गिरता देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, छात्रा काफी डरी और सहमी हुई थी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और बच्ची को लेकर थाने पहुंचे।
पुलिस की कार्रवाई: CCTV खंगाल रही टीमें
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना एकता पुलिस तुरंत एक्टिव हो गई है। पुलिस ने छात्रा और परिजनों के बयान दर्ज किए हैं। आरोपी ऑटो चालक की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।पुलिस का कहना है कि जल्द ही ऑटो नंबर के आधार पर आरोपी को तलास कर आवश्यक कानूनी कार्यवाई की जाएगी।
बहादुरी की चर्चा
महज 12 साल की उम्र में छात्रा ने जिस तरह के साहस का परिचय दिया, उसकी हर ओर सराहना हो रही है। समय रहते लिया गया उसका यह कड़ा फैसला किसी बड़ी वारदात को रोकने में सफल रहा। हालांकि, यह घटना अभिभावकों के मन में ऑटो और ई-रिक्शा में अकेले सफर करने वाले बच्चों की सुरक्षा को लेकर डर पैदा कर रही है।
- लखनऊ में मोबाइल किश्त न चुकाने पर रिकवरी एजेंटों ने मजदूर को चार दिन तक बंधक बनाकर निकाला खून, गोमती में फेंकने की धमकी - September 15, 2026
- आगरा में NEET पास छात्र निकला ट्रेनों का शातिर चोर: गर्लफ्रेंड के कैंसर के इलाज और ऐशो-आराम के लिए खड़ा किया चोरी का नेटवर्क, 25 लाख के जेवर बरामद - September 15, 2026
- आगरा के प्राचीन श्री सिद्धिविनायक मंदिर में 66वें गणेश महोत्सव के तहत हुआ विशाल भंडारे का आयोजन, हजारों भक्तों ने पाई प्रसादी - September 15, 2026