लखनऊ: राजधानी लखनऊ के निगोहां थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में बलात्कार के मुख्य आरोपी को पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े जाने के बाद अपनी जान बचाने के लिए आरोपी हाथ जोड़कर पुलिस से माफी मांगता नजर आया।
चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़
पुलिस के अनुसार, गुरुवार रात निगोहां क्षेत्र में पुलिस टीम वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी वहां से गुजर रहे एक संदिग्ध ऑटो को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय वाहन को तेज रफ्तार में दौड़ा दिया। पुलिस ने पीछा किया तो कुछ दूर जाकर ऑटो पलट गया। ऑटो से बाहर निकलते ही आरोपी ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की ओर से की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रंजीतखेड़ा निवासी 26 वर्षीय उपदेश लोधी उर्फ ‘गहना’ के रूप में हुई है।
क्या था मामला?
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह घटना 31 मई की शाम की है। 19 वर्षीय पीड़िता तेलीबाग के एक मॉल से अपनी ड्यूटी पूरी कर घर लौट रही थी। वह एक ऑटो में सवार हुई जिसमें दो अन्य यात्री पहले से मौजूद थे, जो रास्ते में उतर गए। आरोप है कि इसके बाद चालक उपदेश और उसके साथी ने ऑटो को सुनसान रास्ते की ओर मोड़ दिया और युवती को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता की बदकिस्मती और फिर राहत तब बनी, जब सामने से आ रही एक कार की हेडलाइट देखकर आरोपी घबरा गए और युवती को वहीं छोड़कर फरार हो गए।
450 कैमरों की पड़ताल और पुलिस की सफलता
डीसीपी साउथ अमित कुमार आनंद ने बताया कि इस सनसनीखेज मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने कड़ी मशक्कत की। घटना के रूट पर लगे 450 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसके बाद उस संदिग्ध ऑटो की पहचान संभव हो सकी।
पुलिस ने मौके से एक अवैध तमंचा, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल ऑटो बरामद किया है। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि मुख्य आरोपी उपदेश के फरार साथी की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। फिलहाल घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराकर पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।
- जनसुनवाई के बाद सीधे स्कूलों पर आगरा डीएम मनीष बंसल का धावा: छात्राओं की क्लास ली, खुद खाना चखा और पढ़ाई-सुरक्षा की परखी जमीनी हकीकत - August 18, 2026
- कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) आगरा इकाई का विस्तार: नरेंद्र तनेजा बने चेयरमैन और कुलदीप सिंह कोहली संयुक्त महासचिव मनोनीत - August 18, 2026
- प्रकृति से प्रेम और पर्यावरण संरक्षण ही श्रीकृष्ण भक्ति का संदेश: कमला नगर में परमहंस स्वामी गिरिशानंद सरस्वती के मुख से बही श्रीमद्भागवत की अमृतधारा - August 18, 2026