सिंधी सेंट्रल पंचायत आगरा का सख्त फैसला: समाज विरोधी तत्वों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव, झूलेलाल जयंती पर होगा भव्य आयोजन

RELIGION/ CULTURE

 

धूमधाम से मनेगा चेटीचंड: 18 मार्च को निकलेगी भगवान झूलेलाल की भव्य शोभायात्रा, शहर बनेगा आस्था और उल्लास का केंद्र

Live Story Time, Agra, Uttar Pradesh, India, Bharat.

श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जाएगी भगवान झूलेलाल जयंती

आगरा। सिंधी समाज के आराध्य भगवान झूलेलाल की जयंती (चेटीचंड पर्व) 18 मार्च को शहर में श्रद्धा, उल्लास और भव्यता के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर शहर में भव्य शोभायात्रा के साथ विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पर्व को लेकर सिंधी समाज में अभी से उत्साह का माहौल है।

बैठक में सिंधी समाज के लोग

होटल लाल्स इन में हुई अहम बैठक, तैयारियों पर हुआ मंथन

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर दरेसी नंबर दो स्थित होटल लाल्स इन में सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिंधी सेंट्रल पंचायत के पदाधिकारियों के साथ आगरा की विभिन्न मोहल्ला पंचायतों के प्रमुख लोग मौजूद रहे। बैठक में शोभायात्रा और अन्य कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

समाज विरोधी राजनीति पर सख्त रुख, निंदा प्रस्ताव पारित

आज आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में समाज के हितों के विरुद्ध राजनीति करने वाले तत्वों के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया गया। सर्व समाज और समस्त मोहल्ला पंचायतों ने एकजुट होकर ऐसे व्यक्तियों के विरुद्ध निंदा प्रस्ताव पारित किया है।

बैठक में समाज के प्रबुद्ध जनों ने भाग लिया।

सख्त कार्रवाई का निर्णय, अनुशासन पर जोर

बैठक में स्पष्ट किया गया कि सुशील नोतनानी को उनकी गतिविधियों के कारण पहले ही समाज से निष्कासित किया जा चुका है। सेंट्रल पंचायत ने उनके विरुद्ध निंदा प्रस्ताव को सर्वसम्मति से मंजूरी दीयह फैसला अकेला अध्यक्ष का नहीं अपितु पूरी सेंट्रल पंचायत का है।

150 प्रबुद्ध जनों की एक स्वर में मांग – समाज की छवि से समझौता नहीं

समाज के संज्ञान में आया है कि कुछ अन्य लोग भी लगातार समाज विरोधी हरकतों में लिप्त हैं और अपनी गतिविधियों पर विराम नहीं लगा रहे हैं। सभी मोहल्ला पंचायतों और समाज के प्रबुद्ध जन करीबन 150 लोगों ने एक स्वर में ऐसे तत्वों की कड़े शब्दों में निंदा और सख्त से सख्त दंडात्मक कार्यवाही की मांग की। समाज में अनुशासन और एकता बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है कि भविष्य में भी समाज की छवि बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

धमाकेदार निकल गई वाहन रैली

दोपहिया आमंत्रण रैली की सफलता पर खुशी, शोभायात्रा होगी और भव्य

बैठक में 15 मार्च को निकाली गई दोपहिया वाहन आमंत्रण रैली की शानदार सफलता पर भी खुशी व्यक्त की गई। अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी ने बताया कि इस वर्ष भगवान झूलेलाल की शोभायात्रा को और भी भव्य और आकर्षक रूप में निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि केवल सिंधी समाज ही नहीं बल्कि अन्य वर्गों के लोगों और विभिन्न बाजार समितियों का भी पूरा सहयोग मिल रहा है। शोभायात्रा के मार्ग में बाजार समितियों द्वारा जगह-जगह स्वागत किया जाएगा, पुष्प वर्षा होगी और भव्य द्वार भी बनाए जा रहे हैं।

एकता और सद्भाव का प्रतीक बनता जा रहा है झूलेलाल महोत्सव

महामंत्री हेमंत भोजवानी ने बताया कि झूलेलाल जयंती महोत्सव हर वर्ष समाज की एकता और सद्भाव का प्रतीक बनता जा रहा है। ऐसे में हम सभी की जिम्मेदारी है कि इसे और अधिक भव्य और आकर्षक बनाया जाए। उन्होंने बताया कि मुख्य शोभायात्रा का उद्घाटन सायंकाल हरियाली वाटिका से होगा, जिसके लिए अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।

प्रेस क्लब से हाथीघाट तक निकलेगी भव्य शोभायात्रा

मेले के संयोजक नंदलाल आयलानी ने बताया कि भगवान झूलेलाल की शोभायात्रा दोपहर तीन बजे घटिया स्थित प्रेस क्लब से प्रारंभ होकर गुड़ की मंडी, सिंधी बाजार, फव्वारा, किनारी बाजार, जौहरी बाजार, चिम्मन चौराहा होते हुए दरेसी एक, दो और तीन से होकर हाथीघाट पर समाप्त होगी। यहां ज्योति विसर्जन का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

धार्मिक झांकियों से सजेगी शोभायात्रा, भक्ति रस में डूबेगा शहर

शोभायात्रा में माता हिंगलाज, सांई टेहूराम और स्वामी लीलाशाह महाराज की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगीभगवान झूलेलाल की झांकी घोड़े पर सवार रूप में निकाली जाएगी। इसके अलावा राम दरबार, शिव परिवार, गणेशजी, खाटू श्यामजी, जगन्नाथ जी, महाकाल और भारत माता की आकर्षक झांकियां भी शामिल होंगी। शोभायात्रा में चार विशेष मंडलियां भजन-कीर्तन करते हुए श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगी।

युवाओं को सौंपी गई सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी

भगवान झूलेलाल जयंती शोभायात्रा की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी समाज के युवाओं को सौंपी गई है।

बैठक में अनेक प्रमुख पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक के दौरान चंद्र प्रकाश सोनी, हेमंत भोजवानी, घनश्याम दास देवनानी, परमानंद अतवानी, जयराम दास होतचंदानी, नंदलाल आयलानी, एस.के. वीरानी, श्याम भोजवानी, मेघराज दियालानी, जगदीश डोडानी, दौलत खूबनानी, जेठानंद पुरसनानी, भोजराज लालवानी, अशोक पारवानी, राज कोठारी, जय प्रकाश धर्मानी, नरेश देवनानी, नीरज सोनी, प्रदीप बनवारी, पुरुषोत्तम लछवानी, भजन लाल, लालचंद मोटवानी, नानकराम मानवानी, महेश सोनी, योगेश शतवानी, हरीश मोटवानी, कमल जुमानी, सुंदर चेतवानी, अशोक कोडवानी, दौलतराम मोड़वानी, तरुण जुमानी, हरीश तहल्यानी, शंकर आस्वानी, नरेश लख्वानी, टीकम लालवानी, मुकेश साहनी, दीपक आत्वानी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी का आमंत्रण यात्रा के दौरान जबरदस्त स्वागत हुआ।

संपादकीय: एकता की मिसाल बन रहा सिंधी समाज

सिंधी सेंट्रल पंचायत के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सोनी के नेतृत्व में समाज को संगठित रखने के जो प्रयास किए जा रहे हैं, वे सराहनीय हैं। किसी भी समाज की मजबूती उसके संगठन और नेतृत्व पर निर्भर करती है। चंद्र प्रकाश सोनी ने जिस संयम, दृढ़ता और दूरदर्शिता के साथ समाज को एक मंच पर लाने का कार्य किया है, वह प्रेरणादायक है।

यह भी उल्लेखनीय है कि सिंधी समाज ने उनके पक्ष में जो निर्णय लिया है, वह केवल किसी व्यक्ति का समर्थन नहीं बल्कि संगठन, अनुशासन और सामूहिक नेतृत्व के प्रति विश्वास का प्रतीक है। यह संदेश केवल सिंधी समाज के लिए ही नहीं बल्कि पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है कि यदि समुदाय एकजुट रहे तो किसी भी चुनौती का सामना आसानी से किया जा सकता है।

चेटीचंड का पर्व केवल आस्था का नहीं, बल्कि एकता, संस्कृति और सामाजिक समरसता का भी प्रतीक है। यदि इसी भावना के साथ समाज आगे बढ़ता रहा, तो निश्चित ही सिंधी समाज आने वाले समय में भी संगठन और संस्कार की मिसाल बना रहेगा।

डॉ भानु प्रताप सिंह, संपादक

Live Story Time, Agra, Uttar Pradesh, India, Bharat.