फतेहपुर सीकरी (आगरा): आगरा–भरतपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार को एक भीषण सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई। फतेहपुर सीकरी थाना क्षेत्र के तेरह मोरी के पास एक तेज रफ्तार बेकाबू ट्रेलर ने सड़क किनारे खड़ी दो बहनों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में एक बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई।
बहन के घर से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, भरतपुर की इंदिरा कॉलोनी (हीरा दास) निवासी तनु (16) पुत्री पप्पू अपनी बहन ममता के साथ आगरा के लोहकरेरा गांव स्थित अपनी बहन के घर आई हुई थी। सोमवार को उसका बहनोई विष्णु अपनी दोनों सालियों को बाइक से वापस भरतपुर छोड़ने जा रहा था। रास्ते में तेरह मोरी के पास विष्णु बाइक रोककर लघुशंका के लिए गया, तभी यह हादसा हो गया।
आंखों के सामने दम तोड़ते देखा
सड़क किनारे खड़ी दोनों बहनों को आगरा की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने अपनी चपेट में ले लिया। ममता ने ट्रेलर को अपनी ओर आता देख फौरन दौड़ लगाई और सुरक्षित बच गई, लेकिन तनु ट्रेलर की चपेट में आ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तनु ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे पेड़ों में जा घुसा।
ट्रेलर जब्त, चालक की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर हिमांशु पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुँचे। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है, हालांकि चालक मौके का फायदा उठाकर फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया है। फरार चालक की तलाश में पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
- भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन से मिले राज्यसभा सांसद नवीन जैन: Gen Z की सहभागिता, सेवा पखवाड़े और संगठन विस्तार पर हुई अहम चर्चा - September 8, 2026
- आगरा के कमला नगर स्थित अनुपम ओमेरेनियन हाइट्स में आधुनिक पार्क का उद्घाटन: बच्चों की सुरक्षा और स्वस्थ जीवनशैली को समर्पित है यह अनूठी पहल - September 8, 2026
- आगरा के सरस्वती शिशु मंदिर में ‘गुरु वंदन-छात्र अभिनंदन’ का भव्य आयोजन: मेधावी छात्र सम्मानित, शिक्षकों के योगदान को किया गया नमन - September 8, 2026