भीषण सड़क हादसा: आगरा में तेज रफ्तार टेम्पो ने बाइक को रौंदा, युवक की मौके पर ही मौत, साथी की हालत नाजुक

स्थानीय समाचार

​फतेहपुर सीकरी (आगरा)। ताजनगरी के फतेहपुर सीकरी क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार टेम्पो काल बनकर आया। ग्राम पंचायत सामरा मार्ग पर टेम्पो और बाइक के बीच हुई आमने-सामने की भीषण भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद आरोपी चालक टेम्पो लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन ग्रामीणों की घेराबंदी देख वह वाहन छोड़कर फरार हो गया।

आमने-सामने की टक्कर में उड़े बाइक के परखच्चे

जानकारी के मुताबिक, ग्राम नगला बंजारा सहनपुर निवासी बॉबी (पुत्र रणधीर) अपने साथी अभिषेक के साथ मोटरसाइकिल से सामरा गांव की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक अनियंत्रित टेम्पो ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार बॉबी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। उसके साथी अभिषेक को लहूलुहान हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

​चालक टेम्पो छोड़कर भागा

हादसे को अंजाम देने के बाद टेम्पो चालक ने रुकने के बजाय वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और भागने का प्रयास किया। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए उसका पीछा किया। खुद को घिरता देख चालक रास्ते में ही टेम्पो छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर रफूचक्कर हो गया।

​पुलिस ने वाहन को लिया कब्जे में

​सूचना मिलते ही थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक बॉबी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आगरा भेज दिया है। पुलिस ने घटनास्थल से दुर्घटनाग्रस्त टेम्पो को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है।

परिजनों में मचा कोहराम

जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही नगला बंजारा गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों में तेज रफ्तार वाहनों के कारण होने वाले हादसों को लेकर गहरा आक्रोश है। पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Dr. Bhanu Pratap Singh