आगरा में भीड़तंत्र का खौफनाक चेहरा: शाहगंज में बच्चा चोरी के शक में युवकों को बेरहमी से पीटा, सरेराह मुंडन कर निकाला जुलूस

Crime

​आगरा। ताजनगरी में ‘बच्चा चोर’ की एक अफवाह ने उग्र भीड़ को जल्लाद बना दिया। थाना शाहगंज क्षेत्र के शिव नगर इलाके में भीड़तंत्र ने न केवल कानून की धज्जियां उड़ाईं, बल्कि इंसानियत को भी शर्मसार कर दिया। महज शक के आधार पर कुछ युवकों को पकड़कर उनके साथ जानवरों जैसी मारपीट की गई और सजा के तौर पर बीच सड़क पर उनका मुंडन कराकर तमाशा बनाया गया। घंटों चले इस तांडव का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

​अफवाह फैली और बेकाबू हो गई भीड़

​घटना शाहगंज की राधे वाली गली (शिव नगर) की है। बताया जा रहा है कि इलाके में अचानक यह बात फैल गई कि कुछ अनजान युवक बच्चों को उठाने की फिराक में मंडरा रहे हैं। इस खबर के फैलते ही स्थानीय लोग घरों से बाहर निकल आए और युवकों को घेर लिया। बिना किसी सच्चाई को जाने या पुलिस को सूचना दिए, भीड़ ने खुद ही ‘अदालत’ लगा ली और युवकों पर टूट पड़ी।

​मुंडन कर किया अपमानित, तमाशबीन बनी रही दुनिया

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि उग्र भीड़ युवकों को पीट रही है। हद तो तब हो गई जब आरोपियों को सड़क पर बैठाकर जबरन उनके सिर मुंडवा दिए गए। इस दौरान लोग युवकों को गालियां देते रहे और उन्हें अपमानित किया गया। चौंकाने वाली बात यह है कि इस पूरी घटना के दौरान दर्जनों लोग अपने मोबाइल से वीडियो बनाते रहे, लेकिन किसी ने भी भीड़ को रोकने या पुलिस को बुलाने की हिम्मत नहीं दिखाई।

​वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस एक्शन में

सोशल मीडिया पर वीडियो का संज्ञान लेते हुए थाना शाहगंज पुलिस हरकत में आई है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि शुरुआती जांच में युवकों के बच्चा चोर होने का कोई पुख्ता प्रमाण नहीं मिला है। पुलिस अब वीडियो के आधार पर उन लोगों की पहचान कर रही है जिन्होंने कानून को हाथ में लिया और मारपीट व मुंडन जैसी अपमानजनक हरकत को अंजाम दिया।

​कानून हाथ में लेने वालों की खैर नहीं

आगरा पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि भीड़ का हिस्सा बनकर किसी के साथ मारपीट करना संगीन अपराध है। दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। यह घटना एक बार फिर दर्शाती है कि कैसे सोशल मीडिया की अफवाहें निर्दोषों के लिए जानलेवा साबित हो सकती हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh