आगरा। पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI के लिए जासूसी करने के गंभीर आरोपों में गिरफ्तार भारतीय नौसेना के लांसनायक आदर्श कुमार उर्फ लक्की के मामले ने अब एक भावुक मोड़ ले लिया है। यूपी एटीएस (UP ATS) की इस बड़ी कार्रवाई के बाद जहां सुरक्षा एजेंसियां जासूसी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को खंगाल रही हैं, वहीं आगरा के ‘चाहरवाटी’ इलाके में सन्नाटा और शर्मिंदगी का माहौल है। सबसे बुरा हाल आदर्श की नई-नवेली दुल्हन का है, जिसकी शादी की मेहंदी सूखने से पहले ही उसके सुहाग पर देशद्रोह का दाग लग गया।
हनीमून से लौटते ही उजड़ी खुशियां
आदर्श की शादी अभी पिछले महीने 19 फरवरी को हाथरस के विसावर क्षेत्र की एक युवती से हुई थी। शादी के बाद जोड़ा सुनहरे सपने लेकर हनीमून मनाने दुबई भी गया था। घर में अभी शादी की खुशियां और शहनाइयों की गूंज थमी भी नहीं थी कि पति की गिरफ्तारी ने दुल्हन की दुनिया उजाड़ दी। परिजनों का कहना है कि हाथों की मेहंदी फीकी पड़ने से पहले ही जीवन में यह तूफान आ गया, जिससे पूरा परिवार गहरे सदमे में है।
इंस्टाग्राम पर ‘कीर्ति’ बनी काल, हनीट्रैप में फंसा लांसनायक
एटीएस की तफ्तीश में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। आगरा के कागारौल (गांव चीतपुर) निवासी आदर्श करीब तीन साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए एक युवती के संपर्क में आया था। उस युवती ने अपना नाम ‘कीर्ति’ बताया था, जबकि असल में वह पाकिस्तान की ISI एजेंट ‘आशी’ थी। धीरे-धीरे बातचीत व्हाट्सऐप कॉल तक पहुंची और आदर्श पूरी तरह उसके जाल में फंस गया। इसी रास्ते से वह पाकिस्तान में बैठे हैंडलर्स के संपर्क में आ गया और देश की सुरक्षा से खिलवाड़ शुरू कर दिया।
INS विक्रांत और युद्धपोतों की तस्वीरें लीक करने का आरोप
सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आदर्श ने भारतीय नौसेना के गौरव आईएनएस विक्रांत (INS Vikrant) और सर्वेक्षण पोत आईएनएस इक्षक से जुड़ी गोपनीय तस्वीरें और संवेदनशील जानकारियां सीमा पार साझा की थीं। 2021 में नौसेना ज्वाइन करने वाला आदर्श वर्तमान में कोच्चि (केरल) के दक्षिणी नेवल कमांड में तैनात था। एटीएस अब उसे रिमांड पर लेकर यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि उसने और कितनी गोपनीय सूचनाएं दुश्मनों तक पहुंचाई हैं।
गोरखपुर कनेक्शन और गांव में सन्नाटा
जांच एजेंसियां इस मामले के तार 2024 में गोरखपुर से पकड़े गए संदिग्ध जासूस राम सिंह से जोड़कर भी देख रही हैं। माना जा रहा है कि ISI का यह नेटवर्क काफी फैला हुआ है। इधर, वीरों की भूमि कहे जाने वाले चाहरवाटी और चीतपुर गांव के लोग इस खबर से स्तब्ध हैं। शुरुआत में ग्रामीणों को यकीन नहीं हुआ, लेकिन आदर्श द्वारा गुनाह कबूलने की खबरों के बाद अब पूरे इलाके में उसकी करतूत की चर्चा है और लोग खुद को अपमानित महसूस कर रहे हैं।
एटीएस अधिकारियों का मानना है कि आदर्श से गहन पूछताछ के बाद इस जासूसी रैकेट के कई और बड़े चेहरों से पर्दा उठ सकता है।
- आगरा में भक्ति का अनूठा संगम: छीपीटोला मंदिर में उपाध्याय पदारोहण एवं जैनेश्वरी दीक्षा महोत्सव का भव्य शुभारंभ, विनोली यात्रा में उमड़ा जनसैलाब - July 5, 2026
- जैसवाल जैन महासभा का संकल्प: संगठन विस्तार और राजनीतिक भागीदारी पर मंथन, आगरा में मेधावियों का हुआ सम्मान - July 5, 2026
- आगरा के कुतकपुर गांव में मातम: कूलर के तार से संदूक में दौड़ा करंट, सोए रह गए माता-पिता, उजड़ गई चार बच्चों की दुनिया - July 5, 2026