फतेहपुर सीकरी (आगरा)। ताजनगरी के ऐतिहासिक कस्बे फतेहपुर सीकरी में चोरों के हौसले बुलंद हैं। थाना क्षेत्र के मोहल्ला नगला मालियान में एक शातिर चोर ने फिल्मी अंदाज में बंद मकान को अपना निशाना बनाया। चोर छत का टट्टर (जंगला) उखाड़कर घर के भीतर दाखिल हुआ और अलमारियों में रखे लाखों रुपये के सोने के आभूषण व नकदी समेटकर रफूचक्कर हो गया। चोरी की यह पूरी वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
गांव गया था परिवार, पीछे से हो गया ‘खेल’
जानकारी के अनुसार, नगला मालियान निवासी रविन्द्र कुमार पुत्र निहाल सिंह बीते 2 मार्च को अपने परिवार के साथ पैतृक गांव श्यामो गए हुए थे। घर पर ताला लटका देख चोर ने रेकी की और वारदात को अंजाम दिया। जब परिवार वापस लौटा और मुख्य दरवाजा खोला, तो अंदर का नजारा देख उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। कमरों का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं।
लाखों के जेवर और नकदी पर हाथ साफ
पीड़ित रविन्द्र कुमार ने बताया कि चोरों ने घर से दो सोने की जंजीर, पांच अंगूठियां, एक जोड़ी चांदी की पायल और करीब 20 हजार रुपये की नकदी पर हाथ साफ कर दिया है। चोरी गए आभूषणों की कीमत लाखों में बताई जा रही है।
CCTV में कैद हुआ ‘छत वाला चोर’
घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर पता चला कि एक संदिग्ध युवक छत के रास्ते जंगला काटकर घर के अंदर दाखिल हुआ। वीडियो में आरोपी को बड़े इत्मीनान से कमरों की तलाशी लेते और कीमती सामान बटोरते हुए देखा जा सकता है। पीड़ित ने यह फुटेज पुलिस को सौंप दी है।
पुलिस की जांच और बढ़ता आक्रोश
सूचना मिलते ही सीकरी पुलिस मौके पर पहुँची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। हालांकि, कस्बे में बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर स्थानीय निवासियों में पुलिस गश्त के प्रति भारी नाराजगी और डर का माहौल है।
- आगरा में भाजपा नेता की कार पर हमला: फतेहाबाद में दबंगों ने की तोड़फोड़, साथी को पीटकर किया लहूलुहान - March 7, 2026
- उत्तर भारत में बढ़ा ‘ह्यूमिडिटी’ का टॉर्चर: दिल्ली-वाराणसी समेत कई शहरों में पसीने वाली गर्मी ने तोड़ा रिकॉर्ड - March 7, 2026
- Agra News: गढ़ी महासिंह खेड़ा के अमित हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो और हत्यारोपी गिरफ्तार, कत्ल में इस्तेमाल फावड़ा बरामद - March 7, 2026