गोरखपुर: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने गृह जनपद गोरखपुर में ऐतिहासिक भगवान नृसिंह शोभा यात्रा का शुभारंभ किया। घंटाघर से श्री होलिकोत्सव समिति और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) द्वारा निकाली जाने वाली इस पारंपरिक यात्रा में जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने न केवल जनता के साथ फूलों और रंगों की होली खेली, बल्कि अपने संबोधन से राष्ट्रवाद और सनातन धर्म का कड़ा संदेश भी दिया।
’अर्जुन बनने का साहस चाहिए’
सीएम योगी ने आध्यात्मिक संदर्भ देते हुए कहा कि भगवान नृसिंह, राम और कृष्ण हमेशा हमारी व्यवस्था के अगल-बगल मौजूद रहते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा, “ईश्वर सब जगह हैं, बशर्ते हम में से कोई व्यक्ति भक्त प्रह्लाद, हनुमान या अर्जुन बनने का साहस कर सके। यदि हम में वह सामर्थ्य है, तो ईश्वर की शक्ति हमारे साथ है।”
अराजकता और भ्रष्टाचार के दहन का संकल्प
होलिका दहन के महत्व को रेखांकित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पर्व केवल लकड़ी जलाने का नहीं, बल्कि अपने भीतर के अहंकार को मिटाने का है। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा, “होलिका दहन का अर्थ है- तुष्टिकरण को समाप्त करना, भ्रष्टाचार का दहन करना और यदि कहीं आतंकवाद या उग्रवाद सिर उठाने का कुत्सित प्रयास करे, तो उसे नेस्तनाबूत करना। यही संकल्प आज पूरे भारत में सुनाई दे रहा है।”
RSS की तारीफ और वैश्विक अशांति का जिक्र
विश्व स्तर पर जारी संघर्षों की ओर इशारा करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज पूरी दुनिया में अशांति और अराजकता का वातावरण है, लेकिन भारत अपने यशस्वी नेतृत्व के कारण सुरक्षित है और निर्भय होकर पर्व मना रहा है। उन्होंने RSS को दुनिया का सबसे बड़ा सांस्कृतिक संगठन बताते हुए कहा कि संघ के स्वयंसेवकों ने भारत की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन होम कर दिया है। शताब्दी महोत्सव के अवसर पर संघ की यह सेवा और सामाजिक समरसता पूरे देश के लिए गर्व का विषय है।
’जहाँ धर्म, वहाँ विजय’
सीएम ने सनातन धर्म के मूल मंत्र को दोहराते हुए कहा कि जहाँ धर्म और सत्य होगा, वहीं विजय सुनिश्चित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर भगवान नृसिंह की आरती उतारी और अबीर-गुलाल उड़ाकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
- आगरा में सिस्टम की लापरवाही से सड़क के गड्ढे में दो घंटे फंसी रही एंबुलेंस: प्रसव में देरी के चलते जन्मी मृत बच्ची, ग्रामीणों ने की कार्रवाई की मांग - September 6, 2026
- जन्माष्टमी पर रिलीज हुआ नया आध्यात्मिक रैप गीत ‘मैं ही कृष्ण, मैं ही राम’: अंशुल चौबे और देव-ऋषि के संगीत ने युवाओं में जगाई धार्मिक और सांस्कृतिक रुचि - September 6, 2026
- लड्डू गोपाल झूले में झूले, नंदोत्सव की खुशियों में झूमा श्री गिरिराज जी सेवा मंडल परिवार: फतेहाबाद रोड पर सजी ब्रज की संस्कृति की अद्भुत छटा - September 6, 2026