वाराणसी। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के लखनऊ आगमन की अटकलों और गौ रक्षा के मुद्दे पर विपक्ष को आड़े हाथों लिया है। काशी विश्वनाथ की नगरी में मीडिया से मुखातिब होते हुए डिप्टी सीएम ने न केवल शंकराचार्य का खुला समर्थन किया, बल्कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर तीखे प्रहार भी किए।
शंकराचार्य का अभिनंदन और ‘राम भक्त’ का धर्म
शंकराचार्य के लखनऊ जाने के बयान पर केशव प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट शब्दों में कहा “वे भगवान जगतगुरु शंकराचार्य हैं, वे जहाँ भी जाएंगे, उनके भक्त उनका भव्य स्वागत करेंगे। हम भी एक राम भक्त, शिव भक्त, कृष्ण भक्त और सनातन संस्कृति के पोषक होने के नाते उनका हृदय से स्वागत और अभिनंदन करते हैं।”
गौ माता की सुरक्षा पर कड़ा अल्टीमेटम
गौ माता के मुद्दे पर डिप्टी सीएम ने अपराधियों को चेतावनी देते हुए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने कहा ”उत्तर प्रदेश में अब किसी भी हत्यारे की यह औकात नहीं है कि वह गौ माता को खरोंच भी पहुँचाने का काम कर सके। अगर किसी ने भी ऐसी कोशिश की, तो एक गौ भक्त और गौ रक्षक के नाते हम उसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। हमने गौ रक्षा के लिए बहुत बड़े आंदोलन किए हैं और गाय की सुरक्षा हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।”
अखिलेश यादव पर ‘ढोंग’ और ‘तुष्टिकरण’ का आरोप
सपा मुखिया पर सीधा हमला बोलते हुए केशव मौर्य ने उन्हें ‘हिंदू विरोधी’ मानसिकता वाला बताया। उन्होंने कहा “अखिलेश यादव एक ढोंगी व्यक्ति हैं। यह वही लोग हैं जिन्होंने सत्ता में रहते हुए सदैव राम भक्तों, शिव भक्तों और गौ भक्तों का दमन किया। इन्होंने हिंदुओं पर अत्याचार किए और केवल मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति की। क्या हिंदू समाज का कोई भी व्यक्ति अब उन पर विश्वास करेगा?
विपक्ष का चुनावी स्टंट और 2047 का लक्ष्य
विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस जब भी धर्म की बात करते हैं, तो वह सिर्फ एक ‘राजनीतिक ढोंग’ होता है ताकि वे राष्ट्रभक्तों और राम भक्तों का वोट हासिल कर सकें। उन्होंने आत्मविश्वास के साथ घोषणा की “विपक्ष चाहे जो कर ले, लेकिन मैं साफ कर देना चाहता हूँ कि साल 2047 तक देश और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की ही सरकार अडिग रहेगी।”
- आगरा का यमुना ब्रिज अपहरण कांड: 3 महीने बाद जगी उम्मीद, पुलिस ने कहा— ‘5 मार्च तक बरामद होगी दलित युवती’ - March 2, 2026
- होली के रंगों में डूबी ताजनगरी: इस्कॉन में आध्यात्मिक ‘हर्बल’ होली, तो बाजारों में दिखा भाईचारे का विराट संगम - March 2, 2026
- Agra News: मैदान पर ‘सुल्तानपुरा क्लब’ का राज, महाराजा अग्रसेन क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में खंदारी टाइगर्स को दी शिकस्त - March 2, 2026