आगरा। ताजनगरी एक बार फिर ‘हारे के सहारे’ के जयकारों से गूंजने वाली है। श्री खाटू श्याम जी मंदिर, जीवनी मंडी के अष्टम स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित 10 दिवसीय ‘रंग रंगीला फागुन महोत्सव’ का आगाज हो चुका है। शनिवार को रिंग रोड स्थित पुरुषोत्तम ग्रीन में महोत्सव के आमंत्रण पत्र का भव्य विमोचन किया गया। महोत्सव का मुख्य आकर्षण 24 फरवरी को निकलने वाली विशाल शोभायात्रा होगी।
मनकामेश्वर से जीवनी मंडी तक बहेगी भक्ति की गंगा
यात्रा संयोजक अजय गर्ग (अवागढ़) ने बताया कि 24 फरवरी (मंगलवार) को सुबह 11 बजे श्री मनकामेश्वर मंदिर से बाबा की शोभायात्रा शुरू होगी। यह यात्रा जौहरी बाजार, सुभाष बाजार, दरेसी और बेलनगंज होते हुए जीवनी मंडी मंदिर पहुंचेगी। यात्रा में 50 से 60 भव्य झांकियां, नासिक व पुणे के मशहूर बैंड, महाकाल की सवारी और काली का अखाड़ा शामिल होंगे।
ड्रेस कोड और पुष्प वर्षा
इस वर्ष हजारों श्रद्धालु एक विशेष स्वरूप में नजर आएंगे। पुरुष सफेद कुर्ता-पायजामा और महिलाएं गुलाबी साड़ी पहनकर नंगे पांव हाथों में ‘निशान’ लेकर पदयात्रा करेंगे। पूरी यात्रा के दौरान तोप से फूलों और इत्र की वर्षा की जाएगी, जिससे शहर का कोना-कोना महक उठेगा।
10 दिन, 10 तरह की होली
ट्रस्ट अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि 23 फरवरी से 4 मार्च तक मंदिर में फागुन की अनूठी होली खेली जाएगी। इसमें मेवा, चंदन, टॉफी-चॉकलेट, फल और फूलों की होली शामिल है। 27 फरवरी को रंग भरनी एकादशी पर विशेष आयोजन होगा, वहीं 4 मार्च को जयपुर के खास गुलाल गोटों के साथ महोत्सव का समापन होगा।
प्रशासनिक सतर्कता और सुरक्षा
शोभायात्रा के मार्ग को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। 24 फरवरी को सुबह 6 बजे से यात्रा मार्ग पर टेंपो व भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए मंदिर ट्रस्ट की विशेष टीमें तैनात रहेंगी।
आमंत्रण पत्र विमोचन में ये रहे उपस्थित
मुरारी प्रसाद अग्रवाल, विकास गोयल, विपिन बंसल, अनूप गोयल, अमित गोयल, रिंकेश अग्रवाल, गौरव बंसल, नवीन गौतम, विकास भारद्वाज, सुनील अग्रवाल, कन्हैयालाल अग्रवाल, दिनेश अग्रवाल, श्री राम धाकड़, धीरज, सोनू गोयल, अखिल मोहन मित्तल, अजय गोयल, मनीष गोयल, आकाश गुप्ता, मनीष बंसल सहित बड़ी संख्या में श्याम भक्त उपस्थित रहे।
- ’चलो गाँव की ओर’: बलदेव में कल सजेगा स्वास्थ्य का महाकुंभ; आगरा के दिग्गज डॉक्टर देंगे फ्री सेवाएँ - February 21, 2026
- Agra News: श्री माँ के जन्मोत्सव पर गूंजा दिव्यता का संदेश, श्री अरविंद सोसायटी ने शुरू किया ग्राम विकास और गर्भाधान संस्कार का संकल्प - February 21, 2026
- आगरा के ताज महोत्सव में ‘हेरिटेज’ का कायाकल्प: 5000 पुरानी बनारसी साड़ियों को नया लुक देंगे देश के दिग्गज डिजाइनर - February 21, 2026