आगरा। यमुना एक्सप्रेसवे के पास खंदौली थाना क्षेत्र में नाले से कंबल में लिपटा युवती का शव मिलने के मामले का आगरा कमिश्नरेट पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि युवती की पहचान महोबा निवासी सोनाली के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक उसकी हत्या उसके प्रेमी सनी ने की।
आरोप है कि सोनाली को देह व्यापार में धकेलने का दबाव बनाया जा रहा था और विरोध करने पर गला दबाकर उसकी जान ले ली गई। शव को ठिकाने लगाने के लिए कार से आगरा लाकर नाले में फेंका गया। इस मामले में सनी, उसकी मां रंजना और सौतेले पिता प्रदीप को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया है। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
नाले में मिला शव, शुरू में नहीं मिली कोई पहचान
शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे गांव सौरई के पास यमुना एक्सप्रेसवे किनारे नाले में कंबल में लिपटी युवती का शव मिला था। सूचना पर पहुंची पुलिस को प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका हुई। मौके पर कोई स्पष्ट सुराग न मिलने और पहचान न हो पाने के कारण मामला ब्लाइंड मर्डर बन गया। फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा ।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला हत्या का राज
पोस्टमार्टम में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई। शरीर पर संघर्ष के निशान भी मिले, जिससे साफ हुआ कि युवती ने बचने की कोशिश की थी। इसके बाद पुलिस ने हत्या के एंगल से जांच तेज कर दी।
तकनीक से मिली पहचान, खुलती गई परतें
शव की पहचान के लिए पुलिस ने एआई और फेस रिकग्निशन सिस्टम का सहारा लिया। खून से सने चेहरे की तस्वीर को डिजिटल तरीके से साफ कर डेटाबेस और सोशल मीडिया प्रोफाइल से मिलान कराया गया। तस्वीर विभिन्न नेटवर्क पर भी साझा की गई। इसके बाद युवती की पहचान सोनाली के रूप में हुई और पुलिस उसके परिवार तक पहुंची।
प्रेम संबंध के बाद दिल्ली ले गया था आरोपी
परिजनों ने तहरीर देकर बताया कि सोनाली की शादी महोबा के पनवाड़ी क्षेत्र में हुई थी। शादी के बाद सनी उसके संपर्क में आया और करीब तीन साल पहले उसे बहला-फुसलाकर दिल्ली ले गया। उस समय भी सनी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था।
अवैध धंधे का दबाव, बढ़ता गया विवाद
जांच में सामने आया कि दिल्ली में रहते हुए सनी देह व्यापार से जुड़ गया था। उसने सोनाली पर भी इसमें शामिल होने का दबाव बनाया, लेकिन वह विरोध करती रही। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ा। पुलिस के अनुसार यही हत्या की वजह बनी।
दिल्ली में हत्या, आगरा में शव ठिकाने लगाया
आरोप है कि जहांगीरपुरी इलाके में सोनाली की गला दबाकर हत्या की गई। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने की योजना बनी। दिल्ली में सख्ती देखकर आरोपी यमुना एक्सप्रेसवे की ओर निकल गए और खंदौली क्षेत्र में नाले में शव फेंक दिया।
टोल और सीसीटीवी से मिली अहम कड़ियां
पुलिस ने टोल प्लाजा रिकॉर्ड और एक्सप्रेसवे के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे कार की आवाजाही की पुष्टि हुई। पूछताछ में आरोपी ने वाहन का नंबर भी बताया।
पूछताछ में उलझाता रहा आरोपी
सनी लगातार बयान बदलता रहा। कभी दोस्तों का नाम लिया तो कभी परिजनों का। पुलिस ने सनी, उसकी मां और सौतेले पिता पर हत्या, साजिश और साक्ष्य मिटाने की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस का दावा, तकनीक से मिली बड़ी सफलता
डीसीपी पश्चिम आदित्य सिंह ने बताया कि मामला पूरी तरह ब्लाइंड था, लेकिन एआई, साइबर सर्विलांस और सीसीटीवी की मदद से पहचान और गिरफ्तारी संभव हुई। उन्होंने कहा कि गंभीर अपराधों की जांच में अब आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाया जा रहा है और पुलिसकर्मियों को इसके लिए प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना है।
- CM योगी की दो टूक: हिंदुस्तान में कायदे से रहोगे तो फायदे में रहोगे, कानून तोड़ा तो सात पीढ़ियां याद रखेंगी - February 10, 2026
- बाराबंकी में बोले सीएम योगी- “अब कभी नहीं बनेगी मस्जिद, विरासत पर नहीं होगा समझौता” - February 10, 2026
- सहारा शहर से हटेगा कब्जा, गूँजेगी लोकतंत्र की आवाज: 245 एकड़ में बनेगा यूपी का नया विधानभवन - February 10, 2026