आगरा। नेहरू नगर चौकी स्थित श्री टॉकीज में रात के शो के दौरान महिला सुरक्षा की धज्जियां उड़ाने वाला मामला सामने आया है। यहाँ कुछ दबंग युवकों ने न केवल सिनेमाघर के नियमों का उल्लंघन किया, बल्कि वहां फिल्म देख रही युवतियों के साथ बदसलूकी और अभद्रता भी की। घटना के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए।
नियम तोड़कर बैठे, फिर शुरू की छेड़खानी
मिली जानकारी के अनुसार, आरोपियों के पास ‘डीसी क्लास’ के टिकट थे, लेकिन वे जबरन ‘सिल्वर क्लास’ में जाकर बैठ गए। वहां बैठी युवतियों पर उन्होंने फब्तियां कसीं और अभद्र टिप्पणियां शुरू कर दीं। जब युवतियों ने इसका कड़ा विरोध किया और गेटकीपर से शिकायत की, तो दबंगों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया।
स्टाफ के साथ मारपीट और हंगामा
नियमों का हवाला देने पर आरोपियों ने गेटकीपर के साथ मारपीट शुरू कर दी और बीच-बचाव करने आए टॉकीज के अन्य कर्मचारियों के साथ भी गाली-गलौज की। दबंगों ने स्टाफ को सरेआम जान से मारने की धमकी दी, जिससे सिनेमाघर में अफरा-तफरी मच गई। शोर-शराबा बढ़ता देख आरोपी भाग निकले।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
थाना हरीपर्वत पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि टॉकीज में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जा सके।
- आगरा में सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: कमला नगर पुलिस ने लोहिया नगर में मारा छापा, पांच आरोपी गिरफ्तार, मुख्य सरगना फरार - September 29, 2026
- Agra News: पैर में फ्रैक्चर होने के कारण सीढ़ियां नहीं चढ़ सकी महिला, एसीपी इमरान अहमद ने जमीन पर बैठकर सुनी फरियाद - September 29, 2026
- आगरा में खूनी संघर्ष: नशे में हंगामा करने से रोकने पर देवर ने महिला के पेट में घोंपा चाकू, तीन मासूमों के सिर से उठा मां का साया - September 29, 2026