महोबा: उत्तर प्रदेश के महोबा में जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोकने और उनके साथ हुई तकरार के मामले में अब चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत के पिता एवं पूर्व सांसद गंगा चरण राजपूत की एंट्री हो गई है। संगठन द्वारा विधायक को नोटिस दिए जाने के बाद, उनके पिता ने बेटे का बचाव करते हुए अपनी बात रखी है।
“मुख्यमंत्री के पैरों पर सिर रखकर मांगेंगे माफी”
पत्रकारों से बातचीत में गंगा चरण राजपूत ने कहा कि उनके बेटे की मंशा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर कोई टिप्पणी करने की नहीं थी, बल्कि बोलते समय उनकी जुबान फिसल गई थी। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “अगर मेरे बेटे ने कुछ गलत कहा है, तो वह मुख्यमंत्री के पैरों पर सिर रखकर माफी मांगेगा।” इसके साथ ही उन्होंने उन अटकलों को सिरे से खारिज कर दिया कि बृजभूषण भाजपा छोड़कर सपा में जा रहे हैं।
मंत्री पर भी उठाए सवाल
अनुशासन की बात करते हुए पूर्व सांसद ने एक बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा एक अनुशासित पार्टी है, अगर विधायक को नोटिस मिला है तो ठीक है, लेकिन अगर मंत्री ने गलती की है तो उन्हें भी नोटिस मिलना चाहिए। उन्होंने बताया कि 30 जनवरी को हुई घटना के बाद जब उन्होंने बेटे को डांटा, तो वह नाराज होकर घर से चले गए थे।
क्या था पूरा मामला?
दरअसल, 30 जनवरी को जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह महोबा के दौरे पर थे। चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने अपने समर्थकों और ग्राम प्रधानों के साथ मंत्री का काफिला रोककर ‘जल जीवन मिशन’ के कार्यों में धांधली और सड़कों की बदहाली का मुद्दा उठाया था। विधायक का आरोप था कि पिछले 6 साल से काम अधूरा पड़ा है और पाइपलाइन के नाम पर खोदी गई सड़कें वैसी ही छोड़ दी गई हैं। इस तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ था।
- 30 जून को एत्मादपुर में होगा लोकमाता अहिल्या बाई होल्कर की प्रतिमा का स्थापना समारोह, सीएम योगी और लोकसभा अध्यक्ष करेंगे शिरकत - June 17, 2026
- आगरा: एमजी रोड पर मजार का शांतिपूर्ण स्थानांतरण, एमएलसी विजय शिवहरे ने पुलिस कमिश्नर की दूरदर्शिता को सराहा - June 17, 2026
- Agra News: अखिल भारतीय महिला परिषद ने फूंका पर्यावरण जागरूकता का बिगुल, महिलाओं और बच्चों को सिखाए प्रकृति संरक्षण के गुर - June 17, 2026