Agra News: यमुना एक्सप्रेस-वे किनारे कंबल में लिपटी मिली महिला की लाश, शरीर पर चोट के निशान से हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

Crime

आगरा। जनपद के थाना खंदौली क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे किनारे मंगलवार को एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। राहगीरों ने सड़क किनारे कंबल में लिपटा शव देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने कंबल हटवाया तो करीब 30 वर्षीय महिला का शव बरामद हुआ। शुरुआती जांच में महिला के गले और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जिससे हत्या की आशंका जताई जा रही है। प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि महिला की हत्या कहीं और कर शव को पहचान छिपाने के इरादे से एक्सप्रेस-वे किनारे फेंका गया।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी समेत खंदौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए और शिनाख्त के प्रयास शुरू किए।

जांच के तहत एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि शव लाने वाले वाहन और समय का पता लगाया जा सके। साथ ही आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों का मिलान भी किया जा रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और जल्द खुलासा करने का प्रयास है।

Dr. Bhanu Pratap Singh