आगरा। शहर में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते नजर आ रहे हैं। ट्रांसयमुना में हुई हत्या के अगले ही दिन नगला पदी के चारखंभा इलाके में रंगबाजी का एक और मामला सामने आया है। यहां ठेला लगाने वाले युवक पर दबंगों ने लाठी-डंडों से हमला किया और फिर पिस्टल से कई राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी।
घटना शनिवार की बताई जा रही है। पीड़ित युवक राहुल इलाके में वेज बिरयानी का ठेला लगाता है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात राहुल का मोहल्ले के रहने वाले दबंग युवक अजीत से किसी बात पर विवाद हो गया था। विवाद शांत होने से पहले ही अगले दिन अजीत अपने साथियों के साथ दोबारा मौके पर पहुंच गया और राहुल को घेर लिया।
पहले मारपीट, फिर गोलियां
आरोप है कि हमलावरों ने राहुल पर पहले लाठी-डंडों से हमला किया। इसके बाद अजीत ने पिस्टल निकालकर कई राउंड फायरिंग कर दी। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। राहुल किसी तरह जान बचाकर भाग निकला, जिससे उसकी जान बच सकी। घटना के बाद आरोपी असलहा लहराते हुए मौके से फरार हो गए।
मौके से कारतूस के खोखे बरामद
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को घटनास्थल से कारतूस के खोखे मिले हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
हत्या के मामले में जेल जा चुका है मुख्य आरोपी
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अजीत का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है। वह पहले हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है और हाल ही में रिहा होकर बाहर आया था। रिहाई के बाद से इलाके में उसकी दबंगई फिर से सक्रिय होने की चर्चा है।
एक दिन पहले ही ट्रांसयमुना में हुई थी हत्या
गौरतलब है कि शुक्रवार रात ट्रांसयमुना क्षेत्र में राज चौहान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस अभी उस मामले की जांच में जुटी ही थी कि नगला पदी में दूसरी बड़ी वारदात सामने आने से कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
बढ़ते अपराध से लोगों में नाराजगी
लगातार हो रही रंगबाजी और फायरिंग की घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि अपराधी खुलेआम हथियार लेकर घूम रहे हैं और पुलिस का डर खत्म होता जा रहा है।
- संयुक्त राष्ट्र की बजट प्रक्रिया और वित्तीय स्थिति पर उच्चस्तरीय चर्चा: राजदूत हरीश पार्वथनेनी के साथ बैठक में शामिल हुए सांसद नवीन जैन - October 21, 2026
- आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र में सनसनीखेज वारदात: किचन में खाना बना रही बहन पर बड़े भाई ने चलाई गोली, आईसीयू में भर्ती - October 21, 2026
- राहुल गांधी के अचानक विदेश दौरे पर सियासी घमासान: सवाल पूछने पर बोले शशि थरूर — “मैं कोई ट्रैवल एजेंट नहीं हूँ” - October 21, 2026