आगरा। ताजनगरी के थाना शाहगंज क्षेत्र के अर्जुन नगर (नगला पोप) में बुधवार देर रात भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को कलंकित करने वाली घटना घटी। यहां एक भाई ने अपनी 50 वर्षीय सगी बहन अनीता कुशवाह की तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। विडंबना यह है कि मृतका अनीता ने ही अपने भाई रवि की जमानत कराई थी और उसे जेल से बाहर लाई थी।
पैसों को लेकर अक्सर होता था विवाद
जानकारी के अनुसार, आरोपी रवि कुछ साल पहले जेल गया था। जेल जाने से पहले उसने अपनी कुछ जमापूंजी बहन अनीता के पास रखी थी। लगभग चार साल पहले जब वह जेल से छूटकर आया, तो वह लगातार अपनी बहन से उन पैसों की मांग कर रहा था। अनीता के पति संजय मजदूरी करते हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने के कारण अनीता पैसे लौटाने में असमर्थ थी। इसी बात को लेकर रवि अक्सर घर आकर झगड़ा और मारपीट करता था।
पूरी रात चला विवाद, फिर चली गोली
बुधवार रात को रवि फिर से अनीता के घर पहुंचा और रुपयों के लिए दबाव बनाने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि रवि ने तैश में आकर अपने पास छिपाया हुआ तमंचा निकाला और अनीता पर गोली चला दी। गोली लगने से अनीता लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। डीसीपी सिटी अली अब्बास ने बताया कि आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। फरार रवि की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
- आगरा: किरावली तहसील में फरियादी की पिटाई करने वाला लेखपाल निलंबित, अब एफआईआर की मांग पर अड़े किसान - June 22, 2026
- अंतरराष्ट्रीय योग दिवस: आगरा में योग से संवर रहा ऑटिज्म से प्रभावित बच्चों का जीवन, ‘अध्यान्त फाउंडेशन’ ने आयोजित किया विशेष शिविर - June 22, 2026
- सांसद राजकुमार चाहर का ‘विकास मॉडल’: 5 करोड़ की योजनाओं के भूमि पूजन की जिम्मेदारी दी कार्यकर्ताओं को, समाजसेवी रतिराम पंडित बने मुख्य अतिथि - June 22, 2026