लखनऊ। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश केंद्रीय बजट 2026-27 पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि बजट में नए और विकसित भारत की स्पष्ट झलक दिखाई देती है तथा यह देश को आगे ले जाने वाला दस्तावेज है।
सीएम योगी ने रेल कॉरिडोर, आयुष और स्वास्थ्य क्षेत्र पर खास जोर को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केंद्र में रखकर योजनाएं तैयार करना, छात्राओं और कामकाजी महिलाओं के लिए छात्रावास की व्यवस्था करना तथा युवाओं को हर क्षेत्र में अवसर देने पर ध्यान देना महत्वपूर्ण कदम हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार यह बजट आम नागरिक के जीवन को सरल बनाने में मदद करेगा और अर्थव्यवस्था को गति देगा। उन्होंने कहा कि युवाओं, महिलाओं, उद्यमियों और किसानों के लिए इसमें नए अवसर सृजित किए गए हैं। आयकर प्रणाली के सरलीकरण और अप्रैल से नए प्रावधान लागू करने की पहल को भी उन्होंने स्वागतयोग्य बताया, जिससे लोगों के लिए आईटीआर भरना आसान होगा।
सीएम योगी ने बजट को ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर बढ़ता हुआ दूरदर्शी और समावेशी बताया। उन्होंने कहा कि वाराणसी-हल्दिया जलमार्ग के सुदृढ़ीकरण से व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, जबकि दिल्ली-वाराणसी और वाराणसी-सिलीगुड़ी हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर से प्रदेश की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और आर्थिक गतिविधियां तेज होंगी।
साथ ही सारनाथ और हस्तिनापुर जैसे ऐतिहासिक व आध्यात्मिक स्थलों को सांस्कृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की पहल को उन्होंने प्रदेश की विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने वाला कदम बताया। उनके मुताबिक यह बजट किसानों, युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों के कल्याण के नए रास्ते खोलेगा और देश की आकांक्षाओं को पूरा करने में सहायक होगा।
- आगरा में जनकपुरी महोत्सव की तैयारियों ने पकड़ा जोर: नगर आयुक्त ने दिए तत्काल सर्वे और विकास कार्य शुरू कराने के निर्देश, समिति ने की मुलाकात - August 31, 2026
- पश्चिम बंगाल कैडर के युवा आईएएस विवेक पंकज का ‘लीडर्स आगरा’ परिवार ने किया सम्मान: भगवान बुद्ध की प्रतिमा और पुस्तक भेंट कर दी शुभकामनाएं - August 31, 2026
- सावन की फुहार, सिंधी संस्कृति की बहार: सिंधु भवन आगरा में गूंजे तीजड़ी के गीत - August 31, 2026