मथुरा में दिखा भाजपा का ‘शक्ति प्रदर्शन’: राष्ट्रीय अध्यक्ष बनते ही ब्रज की धरा पर नितिन नवीन का पहला कदम, 2027 की जीत का दिया मंत्र

REGIONAL

मथुरा। भारतीय जनता पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी का संकेत मथुरा के प्रवेश द्वार मांट से दे दिया। भाजपा के नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन रविवार सुबह दिल्ली से यमुना एक्सप्रेस-वे के रास्ते मथुरा पहुंचे। बाजना कट पर उनके स्वागत के लिए विशाल जनसभा आयोजित की गई, जिसमें भारी भीड़ जुटी। एक्सप्रेस-वे से लेकर सभा स्थल तक कार्यकर्ताओं ने फूलों की वर्षा कर राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। सड़कों पर हर तरफ फूल बिखरे नजर आए।

राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यूपी का पहला दौरा

जनसभा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका उत्तर प्रदेश का पहला दौरा है और वह भी उस धरती पर, जिसके वे खुद को “कर्जदार” मानते हैं। उन्होंने कहा कि 2022 में वह अपने मित्र और मांट के विधायक राजेश चौधरी के लिए वोट मांगने आए थे और जनता ने उन्हें विधायक बनाकर उनका भरोसा मजबूत किया। नितिन नवीन ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उन्होंने सिर्फ 24 घंटे पहले मांट आने का फैसला किया और कम समय के बावजूद जिस तरह की भीड़ उमड़ी, वह ऐतिहासिक है।

‘2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार’

नितिन नवीन ने कहा कि इतनी कम सूचना में लाखों की भीड़ जुटना इस बात का संकेत है कि 2027 में उत्तर प्रदेश में फिर भाजपा सरकार बनेगी। उन्होंने यमुना एक्सप्रेस-वे की तारीफ करते हुए कहा कि दिल्ली से आते वक्त ऐसा लगा जैसे किसी विदेशी शहर में प्रवेश कर रहे हों। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और मांट की धरती से पूरे प्रदेश में 2027 का संदेश चला गया है।

2047 विकसित भारत के लक्ष्य का जिक्र

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि गरीब, किसान, मजदूर और युवा भाजपा की योजनाओं से सीधे लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मजदूरों को रोजगार देकर उनके सम्मान को मजबूत किया गया है और विकास अब सिर्फ नारा नहीं, जमीन पर दिखाई देने वाली हकीकत है।

विधायक राजेश चौधरी की तारीफ

नितिन नवीन ने विधायक राजेश चौधरी की खुलकर प्रशंसा करते हुए कहा कि वह क्षेत्र के विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं और मांट को नई पहचान दिला रहे हैं। वहीं राजेश चौधरी ने जनसभा को अपने जीवन का ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि 10 मार्च 2022 को विधायक बनने के साथ ही मांट गुलामी से आजाद हुआ और नौहवारी की पवित्र भूमि पर राष्ट्रीय अध्यक्ष का आगमन सभी के लिए सौभाग्य है।

मंच पर दिखी भाजपा की बड़ी मौजूदगी

इस जनसभा में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मंच पर मौजूद रहे। कैबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण, पूर्व मंत्री अशोक कटियार, अलीगढ़ सांसद सतीश गौतम, विधायक पूरन प्रकाश, हाथरस सांसद अनूप प्रधान, एमएलसी चौधरी ऋषिपाल सिंह, जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे समेत कई जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी शामिल रहे। पूरा पंडाल “जय श्रीराम” और “भाजपा जिंदाबाद” के नारों से गूंजता रहा।

आगे का कार्यक्रम

कार्यक्रम के अनुसार नितिन नवीन वृंदावन में अक्षय पात्र (चंद्रोदय मंदिर परिसर) पहुंचकर प्रधानमंत्री के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में सहभागिता करेंगे। इसके बाद वे ठाकुर श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। साथ ही वह भाजपा विधायक राजेश चौधरी की माताजी के निधन पर उनके आवास जाकर शोक संवेदना भी व्यक्त करेंगे और फिर दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

दौरे को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और वीआईपी व्यवस्थाओं को लेकर पहले से तैयारी की थी। शनिवार को मंडलायुक्त और डीआईजी ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर मंदिर परिसर में रेलिंग व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों को लेकर निर्देश दिए थे।

Dr. Bhanu Pratap Singh